Danapur Firing: दानापुर में रविवार की शाम हुई गोलीबारी की घटना में बदमाशों ने जिस तरह एक नाबालिग लड़की का पीछा किया, उससे इलाके में सनसनी फैल गई. लड़की ने सड़क पर फायरिंग के बाद एक टेलर की दुकान में छिपकर जान बचाने की कोशिश की, लेकिन दोनों नकाबपोश वहां भी पहुंच गए. आरोप है कि दुकान में टेलर को धमकाने के बाद लड़की को खींचकर गोली मार दी गई. इस घटना में नाबालिग के साथ रैपिडो चालक भी घायल हुआ है.
Danapur Firing: पहले सड़क पर घेरा, फिर दुकान तक पहुंचे बदमाश
घटना रविवार शाम करीब चार बजे दानापुर थाना क्षेत्र के आरपीएस मोड़ की है. आरपीएस मोड़ निवासी नाबालिग लड़की रैपिडो बाइक से अपने घर लौट रही थी. इसी दौरान बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उसका पीछा करते हुए उस पर पिस्टल तान दी.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
बदमाशों ने फायरिंग की तो लड़की गोली से बचने के लिए झुक गई. इसी दौरान गोली रैपिडो चालक राहुल कुमार की कमर में जा लगी. राहुल कुमार दानापुर के लखनी बिगहा के रहने वाले हैं. गोली लगने के बाद बाइक अनियंत्रित हुई और दोनों सड़क पर गिर गए.
मदद के लिए टेलर की दुकान में छिपी थी लड़की
सड़क पर गोली लगने के बाद लड़की किसी तरह वहां से उठी और आर्य समाज मंदिर के सामने स्थित टेलर सुधीर वर्मा की दुकान में जा पहुंची. उसने टेलर से मदद मांगी और उनकी आड़ में छिप गई.
लड़की को उम्मीद थी कि दुकान के अंदर पहुंचने के बाद वह बदमाशों से बच जाएगी, लेकिन कुछ ही देर में दोनों आरोपी वहां भी पहुंच गए.
पटना से लापता सरकारी शिक्षक रोहतास से मिले, पुलिस ने चार लोगों को दबोचा
टेलर को धमकाया, फिर लड़की पर दोबारा फायरिंग
टेलर के मुताबिक, दोनों बदमाशों ने दुकान में पहुंचकर लड़की को बाहर आने के लिए कहा. उन्होंने बंदूक की नोक पर टेलर को भी वहां से हटने की धमकी दी.
इसके बाद लड़की और बदमाशों के बीच खींचतान होने लगी. इसी दौरान लड़की फर्श पर गिर गई. आरोप है कि बदमाशों ने उसे निशाना बनाकर गोली चला दी, जो उसके कंधे में लगी. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी पिस्टल लहराते हुए वहां से फरार हो गए.
घायल होने के बाद भी खुद परिजनों को दी जानकारी
गोली लगने के बाद नाबालिग ने टेलर के मोबाइल से अपने परिजनों को फोन किया और पूरी घटना बताई. इसके बाद वह दुकान से पैदल बाहर निकली. रास्ते में परिजन उसे मिल गए और तत्काल राजा बाजार स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे.
वहीं पहली फायरिंग में घायल हुए रैपिडो चालक राहुल कुमार को इलाज के लिए पटना एम्स में भर्ती कराया गया.
पुलिस को प्रेम प्रसंग का एंगल, CCTV से खुलेंगे राज
घटना की जानकारी मिलते ही दानापुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है.
सिटी एसपी पश्चिमी संकेत कुमार के अनुसार, घटना में दो लोग घायल हुए हैं. प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ सामने आया है. पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर दोनों बदमाशों की पहचान करने में जुटी है. आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की बात कही गई है.
इसे भी पढ़ें-



