Meerut Murder News: मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र के जयभीमनगर में घरेलू विवाद के बाद 25 वर्षीय कविता की हत्या कर दी गई. परिजनों के मुताबिक, वारदात से एक दिन पहले ही कविता ने अपने भाई को पति द्वारा मारपीट किए जाने की जानकारी दी थी. सोमवार को जब परिवार के लोग कविता को देखने उसके घर पहुंचे तो वहां दोनों छोटे बच्चे रोते मिले और कमरे में कविता का शव पड़ा था. पुलिस के अनुसार, घटना के बाद पति मनीष खुद भावनपुर थाने पहुंचा और पत्नी की हत्या करने की जानकारी दी, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया.
एक दिन पहले भाई ने सुनी थी कविता के रोने की आवाज
कविता के पिता ब्रजपाल के अनुसार, रविवार को उनके बेटे भूपेंद्र ने मनीष से फोन पर बात की थी. इसी दौरान फोन के पीछे से कविता के रोने की आवाज सुनाई दी. पूछने पर मनीष ने दोनों के बीच विवाद होने और पत्नी को थप्पड़ मारने की बात कही.
नाबालिग पर तनी पिस्टल, बचने के लिए झुकी तो रैपिडो चालक बना निशाना; फिर दुकान में चली गोली
इसके बाद भूपेंद्र अपनी बहन के घर पहुंचा. परिजनों के मुताबिक, कविता ने बताया कि मनीष ने उसके बाल पकड़कर मारपीट की और उसे घर से बाहर निकाल दिया. मामले की सूचना डायल-112 पर दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक मनीष वहां से जा चुका था.
Meerut Murder News: अगले दिन घर पहुंचे तो बच्चों के पास नहीं थी मां
ब्रजपाल के मुताबिक, सोमवार को काफी देर तक कविता से संपर्क नहीं हुआ. इसके बाद परिवार के लोग जयभीमनगर स्थित उसके घर पहुंचे. वहां दोनों छोटे बच्चे रोते हुए मिले, जबकि कुछ दूरी पर कविता का शव पड़ा था.
परिजनों के अनुसार, कविता के गले और शरीर पर चोट के निशान थे. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की.
हत्या की जानकारी देने खुद थाने पहुंचा पति
पुलिस के अनुसार, कविता की हत्या के बाद मनीष खुद भावनपुर थाने पहुंचा. उसने पुलिस को पत्नी की हत्या करने की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया.
पुलिस अब हत्या की वजह, वारदात से पहले हुए विवाद और घटना के बाद मनीष के थाने पहुंचने तक के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.
2022 में हुई थी कविता की शादी
मृतका की पहचान 25 वर्षीय कविता के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, वर्ष 2022 में उसकी शादी खालसा मोहल्ला निवासी 26 वर्षीय मनीष से हुई थी. दंपती के दो छोटे बच्चे हैं. मनीष मजदूरी करता है.
परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद होता रहता था.
पटना से लापता सरकारी शिक्षक रोहतास से मिले, पुलिस ने चार लोगों को दबोचा
पुराने पारिवारिक विवाद की भी जांच
परिजनों ने मनीष के एक रिश्तेदार से जुड़े पुराने पारिवारिक विवाद का भी जिक्र किया है. पुलिस का कहना है कि इस पहलू समेत परिवार की ओर से लगाए गए अन्य आरोपों की जांच की जा रही है.
पुलिस ने कविता के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. हत्या की वास्तविक वजह और घटना की पूरी परिस्थितियां जांच के बाद स्पष्ट होंगी.
इसे भी पढ़ें-



