mithilesh tiwari bhagalpur visit postponed: बिहार सरकार के नवनियुक्त शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का पदभार संभालने के बाद 11 सितंबर को प्रस्तावित भागलपुर का पहला आधिकारिक दौरा स्थगित हो गया है. उनके एक दिवसीय दौरे को लेकर भागलपुर में तैयारियां चल रही थीं. प्रस्तावित कार्यक्रम में सुबह मंदिर में दर्शन-पूजन से लेकर नागरिक एवं शिक्षक सम्मान समारोह, खेल से जुड़े कार्यक्रम और शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक तक शामिल थी.
अब दौरा स्थगित होने के बाद इन सभी कार्यक्रमों पर फिलहाल विराम लग गया है. शिक्षा मंत्री के नए दौरे की तारीख और संशोधित कार्यक्रम की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है. प्रस्तावित कार्यक्रम की जानकारी भागलपुर विधानसभा प्रभारी सह भाजपा जिला मीडिया प्रभारी प्राणिक वाजपेयी ने दी थी.
भागलपुर में कई दिनों बाद घटने लगा गंगा का जलस्तर, 2 सेंटीमीटर आई कमी
सुबह मंदिर में होना था रुद्राभिषेक
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मिथिलेश तिवारी को 11 सितंबर की सुबह 8 बजे बाबा वृद्धेश्वर नाथ मंदिर पहुंचना था. यहां भगवान शिव का रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना करने का कार्यक्रम निर्धारित था.
इसके बाद शिक्षा मंत्री को भागलपुर में दिनभर अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होना था.
टाउन हॉल में शिक्षकों और नागरिकों का सम्मान
सुबह 11 बजे ऐतिहासिक टाउन हॉल में नागरिक एवं शिक्षक सम्मान समारोह प्रस्तावित था. इसमें शिक्षा मंत्री को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना था. कार्यक्रम को लेकर शिक्षकों और नागरिकों की ओर से तैयारियां की जा रही थीं.
क्रीड़ा भारती के कार्यक्रम में भी जाना था
दोपहर 1 बजे शिक्षा मंत्री को सूर्यलोक कॉलोनी, बाजबारी, मिर्जानहाट स्थित जेएस गार्डन में क्रीड़ा भारती के कार्यक्रम में शामिल होना था. यह कार्यक्रम खेल और युवा विकास से जुड़ा था.
समाहरणालय में शिक्षा विभाग की समीक्षा का था कार्यक्रम
दौरे का सबसे अहम प्रशासनिक कार्यक्रम दोपहर 2:15 बजे समाहरणालय परिसर में प्रस्तावित था. यहां शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक होनी थी.
बैठक में सरकारी विद्यालयों में पठन-पाठन, शिक्षकों की उपस्थिति, आधारभूत संरचना, मध्याह्न भोजन और विभागीय दिशा-निर्देशों के क्रियान्वयन की समीक्षा की जानी थी.
4:10 बजे ट्रेन से पटना लौटना था
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार समीक्षा बैठक के बाद शिक्षा मंत्री को शाम 4:10 बजे भागलपुर जंक्शन से ट्रेन के माध्यम से पटना लौटना था. लेकिन दौरा स्थगित होने के कारण अब यह पूरा कार्यक्रम आगे टल गया है.
नए दौरे की तारीख का इंतजार
भागलपुर दौरा स्थगित होने के बाद अब शिक्षा मंत्री के नए कार्यक्रम की प्रतीक्षा है. नई तारीख तय होने के बाद ही मंदिर दर्शन, सम्मान समारोह, क्रीड़ा भारती के कार्यक्रम और शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक को लेकर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी.
इसे भी पढ़ें-


