Jamshedpur Road Accident: जमशेदपुर के सोनारी मरीन ड्राइव स्थित दोमुहानी के समीप गुरुवार की अलसुबह सड़क पर खड़ा ट्रक चार युवाओं की मौत की वजह बन गया. तेज रफ्तार कार (जेएच05 डीएस 6450) सड़क किनारे खड़े ट्रक (जेएच02टी 3971) के पिछले हिस्से में जा घुसी. हादसे में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की पुत्री तृषा सिंह समेत नमन गुप्ता, सार्थक अग्रवाल और वंशिका खंडेलवाल की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गयी और सोए हुए लोगों की नींद खुल गयी.
इसे भी पढ़ें-MS Dhoni Car Challan: मार्च में कटा था ₹1,000 का चालान, छह महीने बाद सितंबर में हुआ भुगतान
Jamshedpur Road Accident : दोमुहानी के पास खड़ा था ट्रक
जानकारी के अनुसार, कार अत्यधिक तेज गति में मरीन ड्राइव से गुजर रही थी. दोमुहानी के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक को कार चालक देख नहीं सका. इसके बाद बेकाबू कार सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा टकरायी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गये.
हादसे के बाद स्थानीय लोग राहत और बचाव के लिए मौके पर पहुंचे. कार के अंदर सवार चारों युवकों की स्थिति अत्यंत नाजुक थी और सभी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी.
चारों युवाओं ने मौके पर तोड़ा दम
मृतकों में मंत्री की पुत्री तृषा सिंह के अलावा नमन गुप्ता, सार्थक अग्रवाल और वंशिका खंडेलवाल शामिल हैं. घटना की सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची.
पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त कार से शवों को बाहर निकाला और एमजीएम भेजा. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रक को जब्त कर लिया है.
एमजीएम में परिजनों की चीख-पुकार
ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह का आवास कदमा स्थित दिंदली एनक्लेव में है. हादसे की खबर फैलते ही मंत्री के परिजनों के अलावा अन्य मृतकों के रोते-बिलखते परिजन टीएमएच और घटनास्थल पर पहुंचने लगे.
अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया. शहर के कई गणमान्य लोग भी सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे और शोक-संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाया.
इसे भी पढ़ें-DGP नियुक्ति के नियम में संशोधन क्यों हुआ? सुप्रीम कोर्ट में झारखंड सरकार ने बताया
मरीन ड्राइव पर खड़े भारी वाहनों पर सवाल
सोनारी पुलिस मामले की जांच में जुटी है. शुरुआती जांच में हादसे का कारण कार की तेज रफ्तार और मरीन ड्राइव पर अवैध रूप से खड़े ट्रक को माना जा रहा है.
स्थानीय निवासियों ने मरीन ड्राइव पर बिना इंडिकेटर और रिफ्लेक्टर के खड़े रहने वाले भारी वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.



