Kolkata Durga Puja Stampede : कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ के बाद प्रशासन ने भीड़भाड़ वाले पूजा आयोजनों को अस्थायी रूप से बंद करने की सलाह दी है. हादसे में कम से कम 19 लोगों की मौत हुई है, जबकि 24 लोग घायल हुए हैं. पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मृतकों और घायलों की जानकारी दी. घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है. घटना की जांच के लिए फॉरेंसिक विभाग, पुलिस के विशेष कार्य बल (STF) और दमकल विभाग को लगाया गया है. वहीं, प्रधानमंत्री कार्यालय ने मृतकों के करीबी परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है.
पश्चिम बंगाल की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
Kolkata Durga Puja Stampede : 3,500 पूजा पंडालों वाले शहर में सुरक्षा पर जोर
कोलकाता में दुर्गा पूजा के लिए करीब 3,500 पंडाल बनाए गए हैं. चोरबागान पंडाल में भगदड़ के बाद प्रशासन ने भीड़भाड़ वाले कई पूजा आयोजनों को अस्थायी रूप से बंद करने की सलाह दी है. मुख्यमंत्री ने बताया कि घटनास्थल को जांच के लिए फॉरेंसिक विभाग, STF और दमकल विभाग को सौंप दिया गया है. हादसे के बाद घटनास्थल पर आपदा प्रबंधन कर्मियों को भी तैनात किया गया है.
मृतकों के परिजनों को दो लाख, घायलों को 50 हजार रुपये
हादसे के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय ने आर्थिक सहायता की घोषणा की है. इसके तहत मृतकों के करीबी परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे. राज्य सरकार ने हादसे से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 18003455678 भी शुरू किया है. घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया दुख
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हादसे में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई. उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा कि दुर्गा पूजा पंडाल में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है. उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना को बेहद दुखद बताया. उन्होंने कहा कि उनकी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है. प्रधानमंत्री ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता दे रहा है.
घायलों से मिलने के लिए अमित शाह ने स्थगित किए कार्यक्रम
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भगदड़ के बाद रविवार को पश्चिम बंगाल में होने वाले अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम स्थगित कर दिए. उन्होंने ‘एक्स’ पर बताया कि वह अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात करेंगे. शाह ने मां दुर्गा से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की.
राहुल गांधी और खरगे ने निष्पक्ष जांच की मांग की
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हादसे में हुई जनहानि पर दुख जताया. दोनों नेताओं ने पश्चिम बंगाल सरकार से पीड़ित परिवारों को पर्याप्त मुआवजा देने और घटना की निष्पक्ष जांच कराने का आग्रह किया, ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदी दोबारा न हो.
खरगे ने स्थानीय कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की अपील की. राहुल गांधी ने घायलों को तत्काल बेहतर इलाज देने की मांग करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की.
नितिन नबीन और ममता बनर्जी ने भी जताया शोक
भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने चोरबागान सार्वजनिक पूजा पंडाल में भगदड़ से हुई जनहानि पर दुख व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता दे रही है. उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की.
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने घटना पर गहरा दुख और सदमा व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि चोरबागान पूजा पंडाल में भगदड़ की खबर से वह स्तब्ध हैं. ममता बनर्जी ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और उनके परिवारों को इस कठिन समय में साहस मिलने की कामना की.
इसे भी पढ़ें-



