इस खबर में क्या है?
Netflix NextGen India Writers Program: अगर आप लेखन में करियर बनाना चाहते हैं और आपकी कहानी को दुनिया तक पहुंचाने का सपना है, तो आपके लिए सुनहरा अवसर है. Netflix ने भारत में NextGen India Writers Program की शुरुआत की है. इस पहल का उद्देश्य नए और उभरते लेखकों को प्रोफेशनल ट्रेनिंग देना और उनकी कहानियों को वेब सीरीज के रूप में विकसित करने का अवसर उपलब्ध कराना है. इस कार्यक्रम के लिए आवेदन 1 जुलाई 2026 से शुरू हो चुके हैं और 1 सितंबर 2026 तक किए जा सकते हैं.
कौन कर सकता है आवेदन?
यह प्रोग्राम उन लेखकों के लिए है, जिनके पास प्रोफेशनल राइटिंग का अधिकतम तीन साल का अनुभव है. चयनित उम्मीदवारों को दो महीने के हाइब्रिड प्रोग्राम में शामिल किया जाएगा, जहां इंडस्ट्री के अनुभवी मेंटर्स की ओर से वर्कशॉप, मेंटरशिप और प्रैक्टिकल ट्रेनिंग दी जाएगी.
इस दौरान प्रतिभागी अपने स्टोरी आइडिया को एक प्रोफेशनल सीरीज कॉन्सेप्ट और सीरीज बाइबल में बदलना सीखेंगे.
आवेदन के लिए क्या-क्या जमा करना होगा?
आवेदन के पहले चरण में उम्मीदवारों को अंग्रेजी में निम्नलिखित दस्तावेज अपलोड करने होंगे—
- “Stranded in a Lifeboat” विषय पर 5 से 10 पेज का राइटिंग चैलेंज.
- एक ओरिजिनल राइटिंग सैंपल (टीवी स्क्रिप्ट, फिल्म स्क्रीनप्ले या प्ले).
- अधिकतम 250 शब्दों की क्रिएटिव बायोग्राफी, जिसमें यह बताना होगा कि आप किस तरह की कहानियां लिखना चाहते हैं.
झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा के आवेदन शुरू, जानें योग्यता, फीस और आवेदन प्रक्रिया
कैसे होगा चयन?
चयन प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी—
- पहले चरण में आवेदन और जमा किए गए दस्तावेजों की समीक्षा होगी.
- शॉर्टलिस्ट उम्मीदवारों को दूसरे राउंड के लिए बुलाया जाएगा.
- दूसरे चरण में अपनी सीरीज के आइडिया का अधिकतम एक पेज का सिनॉप्सिस जमा करना होगा.
- अंतिम रूप से चयनित प्रतिभागियों को दो महीने के हाइब्रिड ट्रेनिंग प्रोग्राम में शामिल किया जाएगा.
क्यों खास है यह प्रोग्राम?
Netflix का मानना है कि हर बेहतरीन कहानी की शुरुआत एक लेखक से होती है. भारत में कई प्रतिभाशाली लेखक हैं, जिनके पास अच्छी कहानियां हैं, लेकिन उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का सही मंच नहीं मिल पाता. यह प्रोग्राम ऐसे ही लेखकों को पहचान दिलाने और उनकी कहानियों को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाने की दिशा में एक बड़ा कदम है.
Netflix India की कंटेंट वाइस प्रेसिडेंट मोनिका शेरगिल के मुताबिक, इस पहल का मकसद देश के नए टैलेंट को आगे लाना और आने वाले समय की बेहतरीन भारतीय कहानियों को दुनिया तक पहुंचाना है.
भारत बना तीसरा देश
Netflix का NextGen Writers Program पहले फ्रांस और नीदरलैंड्स में आयोजित किया जा चुका है. अब भारत इस पहल की मेजबानी करने वाला दुनिया का तीसरा देश बन गया है. इससे भारतीय लेखकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी रचनात्मक क्षमता दिखाने का बड़ा अवसर मिलेगा.
इसे भी पढ़ें-


