CA Foundation Result 2026: चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) बनने का सपना देखने वाले हजारों छात्रों को सितंबर 2026 की फाउंडेशन परीक्षा में निराशा हाथ लगी है. परीक्षा में शामिल 1,04,240 परीक्षार्थियों में से महज 19,736 ही सफल हो सके. इस तरह कुल परीक्षार्थियों में करीब 18.94 प्रतिशत को ही सफलता मिली, जबकि 84,504 छात्र परीक्षा पास नहीं कर पाए. यानी परीक्षा देने वाले हर पांच छात्रों में से लगभग चार को असफलता का सामना करना पड़ा.
इसे भी पढ़ें-इंजीनियरिंग सर्विसेज मुख्य परीक्षा का रिजल्ट जारी, जानिए कैसे करें चेक
लड़कों का रिजल्ट लड़कियों से बेहतर
इस बार CA Foundation के परिणाम में लड़कों ने पास प्रतिशत के मामले में लड़कियों को पीछे छोड़ दिया. परीक्षा में 53,398 लड़के शामिल हुए थे, जिनमें से 10,931 सफल रहे. लड़कों का पास प्रतिशत 20.47 दर्ज किया गया.
वहीं, परीक्षा में शामिल 50,842 लड़कियों में से 8,805 ने सफलता हासिल की. उनका पास प्रतिशत 17.32 रहा. इस तरह लड़कों और लड़कियों के पास प्रतिशत के बीच 3.15 प्रतिशत अंक का अंतर रहा.
361 अंकों के साथ दो छात्राएं बनीं संयुक्त टॉपर
कम सफलता प्रतिशत के बीच टॉपर्स ने शानदार प्रदर्शन किया है. इस बार पहली रैंक पर दो छात्राओं ने संयुक्त रूप से कब्जा जमाया. हिसार की कनसिका और हैदराबाद की महेक गुप्ता ने 400 में से 361 अंक हासिल किए. दोनों का स्कोर 90.25 प्रतिशत रहा.
कनसिका का रोल नंबर 445641 है, जबकि महेक गुप्ता का रोल नंबर 448823 है.
दूसरी रैंक पर भी दो परीक्षार्थियों का कब्जा
टॉपर्स की सूची में दूसरी रैंक पर भी दो परीक्षार्थी संयुक्त रूप से रहे. अजमेर के स्पर्श खंडेलवाल (रोल नंबर 404973) और चेन्नई के जे जयंत (रोल नंबर 421486) ने 359 अंक हासिल किए. दोनों का प्रतिशत 89.75 रहा.
इसे भी पढ़ें-बिहार के आयुष ने बढ़ाया प्रदेश का मान, नवादा के छात्र ने हासिल की AIR 4, देखें मार्कशीट
वहीं, तीसरी रैंक ग्वालियर की वैभवी सिंघल (रोल नंबर 443898) को मिली. उन्होंने 400 में से 358 अंक यानी 89.50 प्रतिशत हासिल किए.
CA Foundation Toppers की पूरी लिस्ट
| रैंक | नाम | शहर | अंक | प्रतिशत |
|---|---|---|---|---|
| पहली | कनसिका | हिसार | 361 | 90.25% |
| पहली | महेक गुप्ता | हैदराबाद | 361 | 90.25% |
| दूसरी | स्पर्श खंडेलवाल | अजमेर | 359 | 89.75% |
| दूसरी | जे जयंत | चेन्नई | 359 | 89.75% |
| तीसरी | वैभवी सिंघल | ग्वालियर | 358 | 89.50% |
सफल छात्र CA Inter के लिए करा सकते हैं रजिस्ट्रेशन
CA Foundation परीक्षा पास करने वाले छात्र अब CA Intermediate कोर्स के लिए रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं. इसके लिए ICAI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन से जुड़े नियमों और निर्धारित समय सीमा की जानकारी लेनी होगी.
वहीं, इस बार सफलता हासिल नहीं कर पाने वाले परीक्षार्थियों को अगले प्रयास के लिए अपनी तैयारी और मजबूत करने की जरूरत होगी.



