इस खबर में क्या है?
Weather Forecast : मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों को लेकर अगले कुछ दिनों के लिए मौसम का बड़ा अपडेट जारी किया है. 22 से 27 मई के बीच उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी और लू का असर बढ़ने की संभावना जताई गई है. वहीं कुछ पूर्वी और पूर्वोत्तर क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं के साथ मौसम बदलने के संकेत भी मिल रहे हैं. विभाग ने लोगों को गर्मी से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है.
दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में भीषण गर्मी का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में आने वाले दिनों में तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. इन इलाकों में हीटवेव से लेकर भीषण हीटवेव की स्थिति बनने की संभावना है. पंजाब में भी लू चलने का अनुमान है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है. प्रशासन ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है.

उत्तर प्रदेश में लू का प्रकोप जारी रहने की संभावना
पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में 22 से 27 मई के दौरान लू और भीषण लू की स्थिति बनी रह सकती है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी पूरे सप्ताह गर्म हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. लगातार बढ़ते तापमान से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ने की आशंका जताई गई है.
बिहार, बंगाल और ओडिशा में बारिश के आसार
दूसरी ओर पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. 22 मई को बिहार के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है. इसके अलावा 23, 26 और 27 मई को पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी क्षेत्रों जैसे कोलकाता, हावड़ा, हुगली और नदिया में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. ओडिशा में भी इस अवधि के दौरान कई जगहों पर बारिश के संकेत हैं.

झारखंड में आंधी-बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
झारखंड में 22 से 27 मई के बीच आंशिक बादल छाए रहने के साथ कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान कुछ जिलों में मेघ गर्जन, वज्रपात और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. 23 और 24 मई को तेज आंधी और बारिश की स्थिति और अधिक सक्रिय रह सकती है.
राजस्थान में गर्मी का सबसे ज्यादा असर
राजस्थान में इस समय भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है. कई इलाकों में तापमान 43 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है. अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने और हीटवेव की स्थिति बने रहने की संभावना है. कुछ हिस्सों में गर्म रातें भी लोगों को परेशान कर सकती हैं.
इसे भी पढ़ें-योगी सरकार की कैबिनेट में बड़ा फेरबदल, भूपेंद्र चौधरी समेत नए मंत्रियों को मिली बड़ी जिम्मेदारी
इसे भी पढ़ें-दौड़ती राजधानी एक्सप्रेस बनी आग का गोला, देखते ही देखते धू-धू कर जले 3 कोच
इसे भी पढ़ें-घटती जनसंख्या पर बड़ा फैसला, तीसरे बच्चे पर 30 हजार और चौथे पर 40 हजार देगी सरकार
इसे भी पढ़ें-NEET-UG पेपर लीक केस: CBI ने लेक्चरर को किया गिरफ्तार, मास्टरमाइंड नेटवर्क का खुलासा
इसे भी पढ़ें-पेट्रोल-डीजल के बाद अब CNG ने भी दिया महंगाई का झटका; 2 रुपये बढ़ी कीमत
इसे भी पढ़ें-देशभर में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े, 3 रुपये महंगा हुआ फ्यूल

