इस खबर में क्या है?
VD Satheesan Keralam Chief Minister Oath: केरल की राजनीति में सोमवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला, जब कांग्रेस नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) ने नई सरकार का गठन किया. वीडी सतीशन ने राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर आधिकारिक रूप से सत्ता संभाल ली. राजभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई. लंबे समय बाद सत्ता में लौटे UDF खेमे में इस मौके पर उत्साह का माहौल रहा.
शपथ समारोह में जुटे कांग्रेस के दिग्गज नेता
नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के राष्ट्रीय स्तर के कई बड़े नेता मौजूद रहे. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और केसी वेणुगोपाल ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इसके अलावा कई राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता भी समारोह में पहुंचे. कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मौजूद रहे. समारोह में निवर्तमान मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और भाजपा नेता राजीव चंद्रशेखर की उपस्थिति भी चर्चा में रही.
#WATCH | Thiruvananthapuram: VD Satheesan and Lok Sabha LoP Rahul Gandhi share a hug after Satheesan took oath as Chief Minister of Keralam
— ANI (@ANI) May 18, 2026
(Source: PRD) pic.twitter.com/IJPSyjepjo
राहुल गांधी और सतीशन की मुलाकात चर्चा में
शपथ लेने के बाद राहुल गांधी ने वीडी सतीशन को बधाई दी और उन्हें गले लगाया. इस दौरान दोनों नेताओं के बीच हुई संक्षिप्त बातचीत का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. कांग्रेस समर्थकों ने इसे पार्टी के लिए नए दौर की शुरुआत बताया.
छात्र राजनीति से मुख्यमंत्री पद तक का सफर
वीडी सतीशन ने इस विधानसभा चुनाव में परावुर सीट से लगातार छठी बार जीत दर्ज की है. उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी को बड़े अंतर से हराकर राजनीतिक मजबूती दिखाई. कोच्चि के पास नेट्टूर में जन्मे सतीशन पेशे से अधिवक्ता रहे हैं. उन्होंने छात्र राजनीति से सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की और बाद में यूथ कांग्रेस के जरिए संगठन में सक्रिय भूमिका निभाई. 2021 के बाद वे विधानसभा में विपक्ष के प्रमुख चेहरे के रूप में उभरे थे.
24 घंटे के भीतर तैयार हुआ मंत्रिमंडल
मुख्यमंत्री बनने के बाद सतीशन ने कहा कि राज्य में पहली बार इतनी तेजी से सरकार गठन की प्रक्रिया पूरी हुई है. उन्होंने बताया कि सहयोगी दलों के साथ बातचीत कर एक दिन के भीतर मंत्रिमंडल को अंतिम रूप दे दिया गया. सरकार गठन में क्षेत्रीय संतुलन, सामाजिक भागीदारी और महिला प्रतिनिधित्व का विशेष ध्यान रखा गया है. मुख्यमंत्री ने वित्त विभाग अपने पास रखने का फैसला किया है.
20 मंत्रियों ने भी ली शपथ
सतीशन के साथ 20 सदस्यीय मंत्रिमंडल ने भी शपथ ली. कैबिनेट में कांग्रेस और सहयोगी दलों के कई वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है. रमेश चेन्निथला को गृह विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है. वहीं IUML के कई नेताओं को भी मंत्रिमंडल में स्थान मिला है. सरकार ने अनुभवी और युवा चेहरों के मिश्रण के साथ संतुलित टीम बनाने की कोशिश की है.
स्पीकर और डिप्टी स्पीकर के नामों का ऐलान
नई सरकार ने विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के नामों की भी घोषणा कर दी है. वरिष्ठ नेता तिरुवन्नचूर राधाकृष्णन को विधानसभा अध्यक्ष बनाया जाएगा, जबकि शनिमोल उस्मान को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी. इसके अलावा अपू जॉन जोसेफ को मुख्य सचेतक नियुक्त किया गया है.
चुनावी वादों को जल्द लागू करने का दावा
नई सरकार ने चुनाव के दौरान किए गए प्रमुख वादों को जल्द लागू करने का भरोसा दिया है. महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा, छात्राओं को आर्थिक सहायता, सामाजिक पेंशन बढ़ाने, स्वास्थ्य बीमा और छोटे कारोबारियों को ब्याज मुक्त ऋण जैसी योजनाओं को प्राथमिकता में रखा गया है.
विधानसभा चुनाव में UDF को मिला स्पष्ट बहुमत
2026 विधानसभा चुनाव में UDF ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्पष्ट बहुमत हासिल किया. कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जबकि सहयोगी दलों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया. दूसरी ओर वाम मोर्चे को सीटों में भारी नुकसान उठाना पड़ा, जबकि भाजपा सीमित सीटों पर ही जीत दर्ज कर सकी.
इसे भी पढ़ें-सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या बढ़ाने पर लगी मुहर, राष्ट्रपति ने अध्यादेश को दी मंजूरी
इसे भी पढ़ें-CBI ने लेक्चरर को किया गिरफ्तार, मास्टरमाइंड नेटवर्क का खुलासा
इसे भी पढ़ें-NEET पेपर लीक के नाम पर बड़ा खेल, RJD नेता समेत 4 आरोपी गिरफ्तार
इसे भी पढ़ें-महिला अपराध पर DGP का सख्त संदेश, पुलिसकर्मियों को दी चेतावनी—वर्दी रौब के लिए नहीं

