Bhagalpur News : सोमवार रात आए आंधी-तूफान के बाद दक्षिण भागलपुर के बड़े हिस्से में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है. 26 घंटे बीत जाने के बावजूद बिजली विभाग विक्रमशिला, मिरजानहाट, मानिकपुर, शीतलास्थान और पटलबाबू फीडरों की आपूर्ति बहाल नहीं कर सका. इसके कारण करीब डेढ़ लाख की आबादी भीषण गर्मी में बिजली और पानी के संकट से जूझ रही है. मंगलवार रात करीब डेढ़ बजे फिर से आई आंधी बारिश से किया धरा पर पानी फेर दिया है.
रात दो बजे तक सब स्टेशन में कैंप किए रहे अधिकारी
बिजली बहाल करने के प्रयास में सुपरिटेंडेंट इंजीनियर संजय बोरियो, भागलपुर शहरी कार्यपालक अभियंता पंकज कुमार, मोजाहिदपुर सब डिवीजन के सहायक अभियंता प्रणव मिश्रा और नाथनगर सब डिवीजन के सहायक अभियंता स्वर्णिम कुमार मंगलवार शाम से लेकर रात दो बजे तक अलीगंज पावर सब स्टेशन में कैंप किए रहे. अधिकारियों की मौजूदगी में लगातार फीडरों को चालू करने की कोशिश हुई, लेकिन कोई भी फीडर स्थायी रूप से चालू नहीं कराया जा सका.
पूर्व कार्यपालक अभियंता के ससुराल वाले फीडर को भी नहीं कर सके चालू
भागलपुर में पहले पदस्थापित रह चुके एक कार्यपालक अभियंता के ससुराल क्षेत्र से जुड़े फीडर को ठीक करने के लिए भी विशेष प्रयास किया गया.सब छोड़ टीम उस फीडर की बहाली में जुटी, लेकिन बाद में आई आंधी के कारण वह फीडर भी चालू नहीं हो सका.
मानिकपुर फीडर चालू होते ही कटघर में केबल में लगी आग
सबसे पहले मानिकपुर फीडर को चालू करने का प्रयास किया गया. जैसे ही फीडर चालू हुआ, कटघर इलाके में केबल में आग लग गई. इसके बाद विभाग ने फीडर को उसी हालत में छोड़ दिया और आपूर्ति फिर बहाल नहीं हो सकी.
शीतलास्थान फीडर भी कुछ देर बाद हो गया बंद
शीतलास्थान फीडर को भी चालू किया गया, लेकिन वह अधिक देर तक नहीं चल सका फीडर के चालू होने के साथ ही लाइन की केबल में आग लग गई, जिसके कारण उसे फिर बंद करना पड़ा.
मिरजानहाट फीडर में भी नहीं टिक सकी बिजली
मिरजानहाट फीडर को भी चालू किया गया था हालांकि बाद में फिर आई तेज आंधी के कारण इस फीडर की बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई. इससे विभाग की बहाली की कोशिशों को एक बार फिर झटका लगा.
बिजली-पानी के लिए मचा हाहाकार
लगातार 26 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण दक्षिणी इलाके के लोगों की परेशानी बढ़ गई है. बिजली नहीं रहने से जलापूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित हुई है. घरों में पानी का संकट गहरा गया है, वहीं भीषण गर्मी के बीच लोगों का रहना मुश्किल हो गया है. कई इलाकों में लोग रातभर जागकर समय बिताने को मजबूर हुए.
विभाग की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल
इतने लंबे समय तक बिजली बहाल नहीं होने और एक के बाद एक फीडरों में तकनीकी खामियां सामने आने से विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते रखरखाव और मरम्मत का काम किया गया होता तो इतनी बड़ी आबादी को परेशानी नहीं झेलनी पड़ती.
बहाली का इंतजार
लोग बिजली आपूर्ति बहाल होने का इंतजार करते रहे. हालांकि विभाग की ओर से मरम्मत कार्य जारी रहने की बात कही जा रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक दक्षिण भागलपुर के अधिकांश प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकी थी.
इसे भी पढ़ें-तूफान के आगे बिजली व्यवस्था बेबस, पूरा शहर ब्लैकआउट, देर शाम तक होगी आपूर्ति


