Malda Haridwar Pooja Special: त्योहारों के सीजन में भागलपुर और आसपास के यात्रियों के लिए हरिद्वार जाने का एक अतिरिक्त विकल्प मिलने जा रहा है. ईस्टर्न रेलवे ने मालदा टाउन-हरिद्वार के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है. यह ट्रेन भागलपुर समेत अंग क्षेत्र के कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी और 17 अक्टूबर से 28 नवंबर तक सात फेरे लगाएगी.
इसे भी पढ़ें- दुर्गा पूजा से पहले भागलपुर के गली-मोहल्ले होंगे रोशन, चिन्हित इलाकों में लगेंगी नई स्ट्रीट लाइट
गाड़ी संख्या 03437 हर शनिवार मालदा टाउन से सुबह 10 बजे खुलेगी. अगले दिन शाम 5 बजे ट्रेन हरिद्वार पहुंचेगी. यानी एक तरफ से यह सेवा 17 अक्टूबर, 24 अक्टूबर, 31 अक्टूबर, 7 नवंबर, 14 नवंबर, 21 नवंबर और 28 नवंबर को उपलब्ध रहेगी.
वापसी के लिए रविवार का विकल्प
हरिद्वार से लौटने वाले यात्रियों के लिए गाड़ी संख्या 03438 की सेवा रविवार को रहेगी. यह ट्रेन 18 अक्टूबर से 29 नवंबर 2026 तक हर रविवार शाम 6:45 बजे हरिद्वार से रवाना होगी और अगले दिन रात 11:55 बजे मालदा टाउन पहुंचेगी.
इस तरह आने-जाने की योजना बनाने वाले यात्रियों के पास शनिवार को मालदा से हरिद्वार और रविवार को हरिद्वार से मालदा लौटने का निर्धारित साप्ताहिक विकल्प रहेगा.
भागलपुर, सुल्तानगंज और जमालपुर में भी रुकेगी
हरिद्वार जाने वाली इस ट्रेन का ठहराव न्यू फरक्का, बरहरवा और साहिबगंज के अलावा कहलगांव, भागलपुर, सुल्तानगंज, जमालपुर और अभयपुर में होगा.
भागलपुर क्षेत्र के यात्रियों के लिए खास बात यह है कि हरिद्वार की इस स्पेशल ट्रेन को पकड़ने के लिए किसी दूसरे बड़े स्टेशन तक जाने की जरूरत नहीं होगी. भागलपुर, कहलगांव और सुल्तानगंज से ही ट्रेन में सवार होने का विकल्प मिलेगा.
त्योहार के बीच सात फेरों से मिलेगा अतिरिक्त विकल्प
दुर्गा पूजा से लेकर छठ के आसपास तक स्पेशल ट्रेन के सात फेरे निर्धारित किये गये हैं. अक्टूबर और नवंबर में घर आने-जाने वाले यात्रियों के लिए इससे नियमित ट्रेनों के अलावा एक और यात्रा विकल्प उपलब्ध होगा.
हरिद्वार और ऋषिकेश जाने वाले यात्रियों के अलावा त्योहार के दौरान बिहार आने वाले कामकाजी लोगों के लिए भी यह ट्रेन उपयोगी हो सकती है.
तीन तरह के कोच की सुविधा
पूजा स्पेशल में जनरल सेकेंड क्लास, स्लीपर क्लास और एसी श्रेणी के कोच उपलब्ध होंगे. इससे अलग-अलग बजट और सुविधा के हिसाब से यात्रियों को यात्रा का विकल्प मिलेगा.
इसे भी पढ़ें-सैंडिस मैदान पर क्रिकेट बनाम फुटबॉल विवाद, खिलाड़ियों ने हाईकोर्ट जाने का किया ऐलान
टिकट बुकिंग की तारीख अभी घोषित नहीं
03437 मालदा टाउन-हरिद्वार पूजा स्पेशल के लिए टिकट बुकिंग की आधिकारिक तारीख अभी घोषित नहीं की गयी है. रेलवे की ओर से बुकिंग डेट और पीआरएस में ट्रेन की उपलब्धता से जुड़ी जानकारी बाद में जारी की जाएगी.
यात्रियों को बुकिंग शुरू होने की सूचना के लिए रेलवे के आधिकारिक ऐप और आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर नजर रखने को कहा गया है.
इसे भी पढ़ें-



