Bihar Bus Accident: पश्चिम चंपारण के लौरिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया. बसवरिया परसौटोला पंचायत के बनकटवा मध्य विद्यालय के पास छठियार कार्यक्रम के दौरान सड़क किनारे आर्केस्ट्रा देख रहे लोगों पर अनियंत्रित बस चढ़ गई. हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल हुए हैं.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना रात करीब 11 बजे की है. गोरखपुर से बेतिया आ रही शाही ट्रैवल्स की बस अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे मौजूद भीड़ को कुचलते हुए आगे निकल गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई.
बांकीपुर जीत के बाद अब विधायक की भूमिका में प्रशांत किशोर, 4 ऐलानों पर रहेगी नजर
छठियार की खुशी पलभर में मातम में बदली
गांव में छठियार कार्यक्रम के कारण बड़ी संख्या में लोग आर्केस्ट्रा देखने जुटे थे. कार्यक्रम सड़क किनारे चल रहा था, तभी तेज रफ्तार बस भीड़ में घुस गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जबकि कई लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
Bihar Bus Accident: हादसे में जान गंवाने वाले लोग
मृतकों की सूची:
- छांगुर राम (70 वर्ष), बनकटवा
- बहादुर महतो (45 वर्ष), बसवरिया
- संजय कुमार (28 वर्ष), बसवरिया
- राकेश कुमार दूबे (35 वर्ष), बनकटवा
- देवेंद्र दूबे (35 वर्ष), बनकटवा
- एक अन्य मृतक की पहचान की पुष्टि प्रशासनिक स्तर पर की जानी बाकी है.
कई घायल, गंभीर घायलों का इलाज जारी
हादसे में करीब एक दर्जन लोग घायल हुए हैं. इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है.
घायलों में शामिल प्रमुख नाम:
- श्याम बाबू कुमार (16 वर्ष), बनकटवा/बसवरिया
- अजीत कुमार (18 वर्ष), बनकटवा/बसवरिया
- मोचन महतो (50 वर्ष), बनकटवा/बसवरिया
- नरेश राम (40 वर्ष), बनकटवा/बसवरिया
सभी घायल बनकटवा और बसवरिया गांव के निवासी बताए गए हैं.
गोरखपुर से चली थी बस
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक शाही ट्रैवल्स की यात्री बस गोरखपुर से बेतिया की ओर जा रही थी. बनकटवा मध्य विद्यालय के पास पहुंचते ही चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सीधे सड़क किनारे खड़ी भीड़ में जा घुसा. हादसे के बाद चालक और बस को लेकर पुलिस जांच में जुट गई है.
पूरे इलाके में पसरा मातम
घटना के बाद बनकटवा और बसवरिया गांव में मातमी सन्नाटा छाया हुआ है. पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे रहे. मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि प्रशासन की ओर से घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था कराई जा रही है.
इसे भी पढ़ें-



