Patna News: पटना जिले के खुसरूपुर थाना इलाके में सोमवार देर रात सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की जान चली गई. पुरानी एनएच सड़क पर अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया.
घटना हरदासविघा गांव के पास की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार बुजुर्ग सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज गति से आ रहे वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
ग्रामीणों ने अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में बुजुर्ग को इलाज के लिए फतुहा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया. हालांकि अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने जांच के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घटना की खबर मिलते ही पुलिस और मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंचे. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था.
ईंट भट्ठे में काम करते थे बुंदेल चौहान
मृतक की पहचान नालंदा जिले के वेना थाना क्षेत्र स्थित सिरनामा गांव निवासी 60 वर्षीय बुंदेल चौहान के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह खुसरूपुर के हरदासविघा इलाके में स्थित एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते थे.
फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी पुलिस
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के तुरंत बाद वाहन चालक मौके से भाग निकला. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है. साथ ही अज्ञात वाहन और चालक की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में जांच की जा रही है.
इसे भी पढ़ें-पटना में सुबह-सुबह एनकाउंटर; कैश वैन लूटकर भाग रहे बदमाशों से पुलिस की भिड़ंत
इसे भी पढ़ें-बिहार में बदलाव की तैयारी, सरकारी विभागों में अब सिर्फ चलेंगे इलेक्ट्रिक वाहन
इसे भी पढ़ें-बंद होने जा रहा mAadhaar ऐप, नए ऐप में ऐसे करें पूरा सेटअप

