Hazaribagh Encounter: झारखंड के हजारीबाग जिले की दनुवा घाटी में शनिवार को अफीम तस्करी के खिलाफ चलाए गए पुलिस अभियान के दौरान मुठभेड़ हो गई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक कथित तस्कर गोली लगने से घायल हो गया, जबकि मौके से दो देसी पिस्टल और अफीम बरामद की गई है.
हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र स्थित हथिया बाबा मंदिर के पास यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई. पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है.
रांची-जमशेदपुर रोड पर सफाई कर रहे मजदूरों को कंटेनर ने रौंदा, 2 की मौत, 3 घायल
Hazaribagh Encounter: सूचना मिलते ही पुलिस ने घेरा इलाका
एसपी अमन कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि हथिया बाबा मंदिर के समीप दो युवक मोटरसाइकिल के साथ अफीम की खेप लेकर खड़े हैं. सूचना मिलते ही चौपारण थाना की टीम ने इलाके में छापेमारी शुरू कर दी.
इसी दौरान एक कार से एक अन्य व्यक्ति वहां पहुंचा. पुलिस के अनुसार, टीम को देखते ही तस्करों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी गोली चलाई.
गया का युवक गोली लगने से घायल
जवाबी कार्रवाई में गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र के चापी गांव निवासी 21 वर्षीय अजय कुमार सिंह घायल हो गया. पुलिस के मुताबिक गोली उसकी पीठ में लगी और पेट की ओर से निकल गई, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई.
घायल अजय को शाम करीब 4:30 बजे निजी एंबुलेंस से बरही अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पुलिस निगरानी में 108 एंबुलेंस से रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया. उसके साथ चार पुलिसकर्मी भी रांची रवाना हुए.
दिल्ली में दो आरोपी गिरफ्तार, बेंगाबाद से सफल ASO हिरासत में; JPSC से भी दस्तावेज जब्त
हथियार और अफीम बरामद, नेटवर्क की जांच तेज
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से दो देसी पिस्टल और अफीम बरामद की है. अधिकारियों का कहना है कि बरामद सामान के आधार पर पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं.
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा अफीम की आपूर्ति कहां से हो रही थी. मामले की जांच जारी है.
इसे भी पढ़ें-



