Bhagalpur News : भागलपुर जिले के सन्हौला प्रखंड के अमडंडा थाना क्षेत्र स्थित बोडा पाठक डीह पंचायत के रानी बनिया गांव में जितिया पर्व की तैयारी के बीच दर्दनाक हादसा हो गया. परिवार के लोग पर्व की तैयारी में जुटे थे, इसी दौरान 13 वर्षीय छात्रा ममता कुमारी सहेलियों के साथ गेरुआ नदी में नहाने चली गई. नहाने के दौरान तेज पानी की धार की चपेट में आने से वह नदी में लापता हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है. वहीं घर पर मां अपनी बेटी के लौटने का इंतजार करती रही.
इसे भी पढ़ें-मायागंज अस्पताल में शर्मसार हुई इंसानियत! घायल मरीज का खून परिजन खुद करते रहे साफ
Bhagalpur News : तेज धार में बह गई 13 वर्षीय छात्रा
बताया जा रहा है कि नदी किनारे कई लड़कियां नहा रही थीं. इसी दौरान तीन-चार लड़कियां अचानक पानी की तेज धार की चपेट में आ गईं. घाट पर मौजूद लोगों और युवकों ने प्रयास कर तीन लड़कियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन एक लड़की को बाहर निकालने में सफलता नहीं मिली.
लड़की के नदी में लापता होने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसकी तलाश शुरू कर दी. घटना की सूचना अमडंडा थाना पुलिस को भी दी गई. इसके बाद पुलिस टीम दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची.
गोताखोर और आपदा मित्रों ने शुरू की तलाश
पुलिस की मौजूदगी में स्थानीय गोताखोरों और आपदा मित्रों की मदद से नदी में लापता बच्ची की खोजबीन शुरू की गई. काफी देर तक तलाश करने के बावजूद बच्ची का पता नहीं चल सका. इसके बाद सन्हौला अंचलाधिकारी की पहल पर एसडीआरएफ की टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया.
एसडीआरएफ की टीम ने भी करीब दो घंटे तक नदी में बच्ची की तलाश की. स्थानीय ग्रामीणों, आपदा मित्रों और एसडीआरएफ की टीम ने मिलकर करीब सात घंटे तक लगातार खोज अभियान चलाया, लेकिन तेज पानी के बहाव के कारण बच्ची का शव बरामद नहीं हो सका.
इसे भी पढ़ें-गंगा के तेज बहाव में फंसी नाव, सूचना मिलते ही 20 मिनट में पहुंची एसडीआरएफ
अंधेरा होने पर रोकना पड़ा अभियान
अंधेरा होने के कारण नदी में तलाशी अभियान रोकना पड़ा. इसके बाद घटनास्थल पर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है. स्थानीय गश्ती दल भी लगातार घटनास्थल पर नजर बनाए हुए है, ताकि बच्ची की तलाश के दौरान कोई अन्य घटना न हो.
लापता बच्ची की पहचान सुरमनीयां गांव निवासी वकील सिंह की 13 वर्षीय पुत्री ममता कुमारी के रूप में हुई है. ममता कुमारी आठवीं कक्षा की छात्रा थी. घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
दोबारा शुरू होगी बच्ची की तलाश
सन्हौला अंचल अधिकारी रजनीश चंद्र राय ने बताया कि काफी खोजबीन के बावजूद ममता कुमारी का शव बरामद नहीं हो सका है. अंधेरा होने के कारण एसडीआरएफ की टीम को तलाशी अभियान में परेशानी हो रही थी. एसडीआरएफ की टीम दोबारा नदी में बच्ची की तलाश शुरू करेगी.



