इस खबर में क्या है?
Bihar Rain Alert: जुलाई विदा होने वाली है, लेकिन बिहार में मानसून अब भी पूरी रफ्तार नहीं पकड़ पाया है. राज्य के अधिकांश हिस्सों में लोग अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं. इसी बीच मौसम विभाग ने मंगलवार को 23 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग का कहना है कि इन इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है.
इन 23 जिलों पर मौसम विभाग की नजर
येलो अलर्ट वाले जिलों में पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, अरवल, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, बांका और जमुई शामिल हैं.
दक्षिण बिहार में बारिश बढ़ाएगी रफ्तार, 7 जिलों के लिए भारी वर्षा का अलर्ट

इन जिलों में कहीं-कहीं तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है. वहीं राज्य के अन्य जिलों में मौसम सामान्य बना रह सकता है, हालांकि बादलों की आवाजाही जारी रहेगी.
आखिर क्यों नहीं बरस रहे बादल?
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इस बार मानसूनी ट्रफ लगातार अपनी स्थिति बदल रही है. यही वजह है कि वातावरण में नमी होने के बावजूद पूरे बिहार में एक साथ अच्छी बारिश नहीं हो पा रही है.
कई इलाकों में दिनभर तेज धूप निकल रही है, जिससे उमस बढ़ रही है. वहीं शाम या देर रात स्थानीय स्तर पर बादल बनने के बाद कुछ जगहों पर अचानक तेज हवा और बारिश हो रही है. इसी कारण मौसम का मिजाज हर दिन बदलता नजर आ रहा है.
पटना में धूप भी, उमस भी
राजधानी पटना में मंगलवार की सुबह तेज धूप के साथ हुई. दिन चढ़ने के साथ उमस और बढ़ने के आसार हैं. मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल राजधानी में मौसम सामान्य बना रहेगा. हल्के बादल जरूर आ सकते हैं, लेकिन झमाझम बारिश की संभावना नहीं है. इसलिए लोगों को अभी उमस भरी गर्मी से राहत मिलने के संकेत नहीं हैं.
अगले तीन दिन भी नहीं दिख रहे भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 29, 30 और 31 जुलाई तक भी मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. इस दौरान राज्य के अलग-अलग इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवा चलने की संभावना बनी रहेगी. हालांकि फिलहाल बिहार के किसी भी हिस्से में व्यापक या मूसलाधार बारिश के संकेत नहीं मिले हैं.
इसे भी पढ़ें-

