Jamshedpur News : जमशेदपुर के मानगो नगर निगम में नई नगर सरकार की शुरुआत हो गई है. नवनिर्वाचित मेयर सुधा गुप्ता ने विधिवत रूप से अपना पदभार संभाल लिया. निगम कार्यालय पहुंचने पर उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने उन्हें पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया. पद ग्रहण से पहले मेयर ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया. इसके बाद उप नगर आयुक्त के चेंबर में बैठकर उन्होंने औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया. फिलहाल मेयर और डिप्टी मेयर के लिए अलग चेंबर की व्यवस्था नहीं हो सकी है, जिस कारण अस्थायी व्यवस्था में ही काम शुरू किया गया है. इस दौरान डिप्टी मेयर राहुल कश्यप भी उनके साथ मौजूद रहे.
झारखंड की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
हर घर तक पहुंचेगी सुविधा, काम से बनेगी पहचान
पदभार ग्रहण करने के बाद मेयर सुधा गुप्ता ने अपने प्राथमिकता वाले मुद्दों को सामने रखा. उन्होंने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य मानगो के हर घर तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है. उन्होंने यह भी कहा कि उनके लिए पद की प्रतिष्ठा से ज्यादा जरूरी जनता की सेवा है. उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में क्षेत्र की समस्याओं का समाधान व्यवस्थित तरीके से किया जाएगा. बिजली, पानी और साफ-सफाई जैसी जरूरी सेवाओं को दुरुस्त करना उनकी प्राथमिकता में शामिल रहेगा. उन्होंने कहा कि उनकी पहचान केवल उनके काम के आधार पर बनेगी.
कार्यालय में जगह की कमी, परिचय के लिए लगी कतार
नई मेयर के कार्यभार संभालने के साथ ही निगम कार्यालय में जगह की कमी की समस्या भी सामने आ गई. छोटे कार्यालय के कारण अधिकारियों और कर्मचारियों को उनसे मिलने और परिचय देने के लिए लाइन लगानी पड़ी. एक-एक कर सभी अधिकारी और कर्मचारी चेंबर में पहुंचे, अपना परिचय दिया और फिर बाहर निकलते रहे. इस दौरान कार्यालय में थोड़ी अव्यवस्था भी देखने को मिली, लेकिन क्रमबद्ध तरीके से सभी ने औपचारिकता पूरी की.
“कारपेट” चिह्न का जिक्र, सादगी से दिया संदेश
चेंबर की अनुपलब्धता पर मेयर ने सहज और सादगी भरा जवाब दिया. उन्होंने कहा कि उनका चुनाव चिह्न “कारपेट” था और जरूरत पड़ी तो वह कारपेट बिछाकर भी काम करेंगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके लिए प्रोटोकॉल से ज्यादा अहम टीम वर्क और जनहित है. उन्होंने यह भी बताया कि इस बार कई महिला पार्षद भी चुनकर आई हैं, जिनके साथ मिलकर मानगो के विकास की दिशा में काम किया जाएगा. उनका कहना है कि सामूहिक प्रयास से ही शहर की तस्वीर बदली जा सकती है.
इसे भी पढ़ें- 5 थानों में नए इंस्पेक्टर तैनात, SSP ने जारी किया आदेश
इसे भी पढ़ें-झारखंड में अवैध अस्पतालों पर हाईकोर्ट सख्त, सरकार से पूछा– बिना रजिस्ट्रेशन कैसे चल रहे क्लिनिक?
इसे भी पढ़ें-रांची फायरिंग केस: सुकुरहुट्टू गांव में घर में अपराधियों ने गोलियां चलाई, पुलिस जांच जारी
इसे भी पढ़ें-इसे भी पढ़ें-धनबाद में महिला पुलिसकर्मी के घर चोरी, ताला तोड़कर जेवर और नकदी ले उड़े चोर

