Dhanbad News: धनबाद में जैक 10वीं बोर्ड परीक्षा के कमजोर नतीजों को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्ती तेज कर दी है. जिन स्कूलों में 10 प्रतिशत से अधिक छात्र असफल हुए हैं, वहां जिम्मेदार शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. इसी क्रम में बुधवार को तीन और विद्यालयों के शिक्षकों का अप्रैल माह का वेतन रोक दिया गया. विभाग का कहना है कि परीक्षा परिणाम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
तीन स्कूलों पर कार्रवाई, वेतन रोका गया
जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा द्वारा जारी आदेश में उत्क्रमित उच्च विद्यालय फुलवार बाघमारा, उत्क्रमित उच्च विद्यालय टुंडी बाघमारा और जेकेआरआर हिंदी प्लस टू उच्च विद्यालय चिरकुंडा के परिणाम को गंभीर लापरवाही माना गया है. इन स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती के बावजूद बड़ी संख्या में विद्यार्थी परीक्षा में सफल नहीं हो सके, जिस पर विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है.
24 घंटे में मांगा गया जवाब
आदेश में संबंधित प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक और शिक्षकों का वेतन तत्काल प्रभाव से रोकने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही सभी से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि समय पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में आगे विभागीय कार्रवाई की जाएगी.
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले भी आठ विद्यालयों के शिक्षकों और प्रभारियों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई की गई थी. अब तक कुल 11 स्कूल इस कार्रवाई की जद में आ चुके हैं. शिक्षा विभाग की इस सख्ती के बाद जिले के अन्य विद्यालयों में भी हलचल बढ़ गई है और इसे परीक्षा परिणाम सुधारने के लिए कड़ा संदेश माना जा रहा है.
इसे भी पढ़ें-कोल इंडिया की बोर्ड बैठक आज, सालाना नतीजों के साथ डिविडेंड पर रहेगा फोकस
इसे भी पढ़ें-धनबाद में फिर धरती ने दिया धोखा, टंडाबाड़ी बस्ती में तीसरी बार भू-धंसान, 20 घर क्षतिग्रस्त
इसे भी पढ़ें-धनबाद में अपराधियों का तांडव, मेयर के करीबी शुभम यादव को मारी गोली

