इस खबर में क्या है?
Dhanbad News: धनबाद जिले के बाघमारा थाना क्षेत्र में अवैध कोयला खनन और तस्करी का मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक और सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई की है. जमुनिया नदी और आसपास के इलाकों में लंबे समय से चल रहे अवैध खनन को लेकर अब सख्ती शुरू कर दी गई है. संयुक्त टीम ने छापेमारी कर अवैध कोयला लदे दो वाहनों को जब्त किया है.
जमुनिया नदी क्षेत्र में चल रहा था अवैध खनन का नेटवर्क
सूत्रों के अनुसार बाघमारा क्षेत्र में जमुनिया नदी के किनारे और जंगल से सटे कई हिस्सों में अवैध तरीके से कोयला निकाला जा रहा था. इससे न सिर्फ पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा था, बल्कि नदी क्षेत्र की स्थिति भी लगातार बिगड़ती जा रही थी. स्थानीय स्तर पर इस गतिविधि के खिलाफ विरोध और आंदोलन की चेतावनी भी दी गई थी.
सूचना के आधार पर हुई संयुक्त टीम की कार्रवाई
गुप्त सूचना मिलने के बाद बीसीसीएल प्रबंधन, बाघमारा पुलिस और सीआईएसएफ की टीम ने माटीगढ़ा डैम कॉलोनी के पास स्थित क्षेत्र में छापेमारी की. इस दौरान मौके से एक ट्रक और एक मिनी हाइवा पकड़ा गया, जिनमें अवैध कोयला भरा हुआ था. कार्रवाई के दौरान अफरातफरी का माहौल बन गया.
चालक फरार, एक गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान वाहन चालक भागने लगे. इस दौरान मिनी हाइवा का चालक पकड़ लिया गया, जिसे पुलिस के हवाले कर दिया गया. वहीं ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. भागने के दौरान ट्रक सड़क किनारे फंस गया, जिसे बाद में निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई.
आगे की कार्रवाई शुरू
मामले को लेकर संबंधित एजेंसियां अब बाघमारा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया में जुटी हैं. पुलिस ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर पूरे नेटवर्क की जांच की जाएगी और इसमें शामिल अन्य लोगों की भी पहचान कर कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें-16 साल पुराने हत्या मामले में धनबाद थाने में केस दर्ज, राजस्थान से लाकर की थी हत्या
इसे भी पढ़ें-भूली में बंद घर को बनाया निशाना, कार सहित लाखों के जेवरात पर हाथ साफ

