इस खबर में क्या है?
PM Modi Appeal: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी(Narendra Modi) ने देशवासियों से अपील करते हुए कहा है कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए हर नागरिक को जिम्मेदारी के साथ संसाधनों का उपयोग करना चाहिए. उन्होंने पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने, सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने और विदेशी वस्तुओं पर निर्भरता घटाने की बात कही. पीएम ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही देश आर्थिक चुनौतियों का मजबूती से सामना कर पाएगा.
सार्वजनिक परिवहन और कारपूलिंग अपनाने की सलाह
प्रधानमंत्री ने लोगों से कहा कि जहां तक संभव हो, निजी वाहनों के बजाय मेट्रो, इलेक्ट्रिक बस और अन्य पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें. उन्होंने कार रखने वाले लोगों से कारपूलिंग को बढ़ावा देने की भी अपील की ताकि ईंधन की बचत हो सके और देश के संसाधनों पर दबाव कम पड़े.
#WATCH | Gujarat: Prime Minister Narendra Modi was conferred with 'Sardar Gaurav Ratna' award in Vadodara.
— ANI (@ANI) May 11, 2026
(Source: DD News) pic.twitter.com/on3ZOZxqtm
उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक के विस्तार ने कामकाज को पहले से कहीं ज्यादा आसान बना दिया है और इसका बेहतर उपयोग देशहित में किया जा सकता है.
वर्क फ्रॉम होम और वर्चुअल मीटिंग पर जोर
पीएम मोदी ने सरकारी और निजी संस्थानों से जरूरत पड़ने पर वर्क फ्रॉम होम और वर्चुअल मीटिंग को प्राथमिकता देने की अपील की. उनका कहना था कि इससे यात्रा की जरूरत कम होगी और ईंधन की बचत के साथ-साथ आर्थिक बोझ भी घटेगा.
उन्होंने नागरिकों से कुछ समय के लिए सोने की खरीदारी टालने का आग्रह भी किया. पीएम ने कहा कि बड़ी मात्रा में सोने के आयात पर देश की विदेशी मुद्रा खर्च होती है, इसलिए हालात सामान्य होने तक लोग अनावश्यक खरीदारी से बचें.
‘वोकल फॉर लोकल’ को जनआंदोलन बनाने की अपील
प्रधानमंत्री ने कहा कि विदेशी उत्पादों के बजाय स्थानीय वस्तुओं को अपनाना समय की जरूरत है. उन्होंने लोगों से अपने गांव, शहर और देश के उद्यमियों का समर्थन करने की अपील की.
पीएम ने कहा कि भारत कई आवश्यक वस्तुओं के आयात पर भारी विदेशी मुद्रा खर्च करता है, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में तेजी और वैश्विक सप्लाई चेन की समस्याओं का असर भी लगातार बढ़ रहा है. ऐसे में स्वदेशी उत्पादों के इस्तेमाल से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी.
हर नागरिक की भागीदारी जरूरी
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश जब भी किसी बड़े संकट या युद्ध जैसी स्थिति से गुजरा है, तब नागरिकों ने मिलकर जिम्मेदारी निभाई है. उन्होंने कहा कि आज भी हर छोटे प्रयास का महत्व है और लोगों को ऐसी गतिविधियों से बचना चाहिए जिनसे विदेशी मुद्रा का अनावश्यक खर्च बढ़ता हो.
उन्होंने कहा कि देश के संसाधनों पर बोझ कम करने के लिए सभी नागरिकों को मिलकर काम करना होगा.
वैश्विक संकटों का असर भारत पर भी
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में दुनिया लगातार अस्थिर हालात से गुजर रही है. पहले कोरोना महामारी, फिर वैश्विक आर्थिक चुनौतियां और अब पश्चिम एशिया में बढ़ता तनाव पूरी दुनिया को प्रभावित कर रहा है.
उन्होंने कहा कि जैसे देश ने मिलकर कोविड संकट का सामना किया था, वैसे ही वर्तमान आर्थिक चुनौतियों से भी देश एकजुट होकर बाहर निकलेगा. सरकार लगातार कोशिश कर रही है कि आम लोगों पर इसका असर न्यूनतम रहे.
इसे भी पढ़ें-मुख्यमंत्री विजय का बड़ा ऐलान: तमिलनाडु में 200 यूनिट मुफ्त बिजली, सुरक्षा और नशा मुक्ति पर विशेष जोर
इसे भी पढ़ें–विजय के शपथ से पहले परिवार में खुशी का माहौल, मां ने बताया मदर्स डे का खास तोहफा

