कोलकाता: रेल बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण की दिशा में पूर्व रेलवे ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए बहरामपुर कोर्ट स्टेशन पर अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक सिग्नलिंग प्रणाली का सफलतापूर्वक कमीशनिंग कर दिया है. इस तकनीकी उन्नयन से स्टेशन पर ट्रेन संचालन अधिक सुरक्षित, तेज और सुचारू होगा, वहीं यात्रियों को भी बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा.
पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक मिलिंद देउस्कर के नेतृत्व में पूरा किया गया यह प्रोजेक्ट स्टेशन की परिचालन क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ मानवीय त्रुटियों की संभावना को भी कम करेगा. नई प्रणाली लागू होने के बाद ट्रेनों की आवाजाही अधिक व्यवस्थित होगी और अनावश्यक देरी में कमी आने की उम्मीद है.
स्टेशन की क्षमता में हुआ बड़ा विस्तार
सियालदह मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राजीव सक्सेना की निगरानी में संपन्न इस परियोजना के तहत स्टेशन पर तीन नई कॉमन लूप लाइनें विकसित की गई हैं. इनमें लूप लाइन-3 के लिए 594 मीटर, लूप लाइन-4 के लिए 377 मीटर और लूप लाइन-5 के लिए 348 मीटर का क्लियर स्टैंडिंग रूम (सीएसआर) तैयार किया गया है.
इसके अलावा मौजूदा लाइनों की क्षमता भी बढ़ाई गई है. लाइन-1 का सीएसआर 680 मीटर से बढ़ाकर 890 मीटर तथा लाइन-2 का सीएसआर 564 मीटर से बढ़ाकर 807 मीटर कर दिया गया है. स्टेशन पर उपलब्ध परिचालन रूटों की संख्या भी 25 से बढ़ाकर 50 कर दी गई है, जिससे एक साथ अधिक ट्रेनों की आवाजाही संभव हो सकेगी.
आधुनिक सिग्नलिंग सिस्टम से बढ़ेगी सुरक्षा
स्टेशन पर NIPPON निर्मित डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम स्थापित किया गया है, जिसे ड्युअल वीडियो डिस्प्ले यूनिट (VDU) से जोड़ा गया है. इसके साथ ही 48 डिटेक्शन प्वाइंट वाले फ्रॉशर के ड्युअल मल्टी-सेक्शन डिजिटल एक्सल काउंटर (MSDAC) सिस्टम की स्थापना की गई है, जिससे ट्रेनों की निगरानी और ट्रैक सुरक्षा और मजबूत होगी.
लूप लाइनों के लिए मल्टी-सेक्शन डिजिटल एक्सल काउंटर ट्रैक डिटेक्शन लेआउट और फेलसेफ सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है. वहीं ट्रैक स्विचिंग के लिए 11 नए प्वाइंट मशीन लगाए गए हैं, जिससे पुराने पांच मोटर प्वाइंट हटाए जा सके हैं.
बिजली और सुरक्षा व्यवस्था भी हुई मजबूत
नई प्रणाली को निर्बाध रूप से संचालित करने के लिए स्टेशन पर स्टैटकॉन एनर्जिया के दो इंटीग्रेटेड पावर सप्लाई (आईपीएस) सिस्टम लगाए गए हैं. इसके अलावा रिंग अर्थ ग्रिड, ‘ए’ क्लास सर्ज प्रोटेक्शन सिस्टम, फ्यूज अलार्म सिस्टम, अर्थ लीकेज डिटेक्टर और ऑटोमैटिक फायर डिटेक्शन एंड अलार्म सिस्टम जैसी आधुनिक सुरक्षा सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं.
लेवल क्रॉसिंग गेट संख्या 129/E और 132/T पर नए इलेक्ट्रिक लिफ्टिंग बैरियर लगाए गए हैं. वहीं गेट संख्या 129/E पर नया गेट पैनल भी स्थापित किया गया है.
यात्रियों को मिलेगा बेहतर और सुरक्षित रेल नेटवर्क
पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिबराम माझी ने कहा कि बहरामपुर कोर्ट स्टेशन पर उन्नत इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली का सफल कमीशनिंग यात्रियों को अधिक सुरक्षित, कुशल और समयनिष्ठ रेल सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम है. इससे रेलवे नेटवर्क की विश्वसनीयता बढ़ेगी और भविष्य की बढ़ती यातायात आवश्यकताओं को पूरा करने में भी मदद मिलेगी.
इसे भी पढ़ें-

