Bhagalpur Storm Water Drainage System : भागलपुर नगर निगम क्षेत्र में जलजमाव से निपटने के लिए अब पूरे शहर के नालों को एक नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी है. करीब 200 करोड़ रुपये की प्रस्तावित परियोजना के तहत 74 किलोमीटर लंबा स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जायेगा. योजना में शहर के दक्षिणी, पश्चिमी, मध्य और पूर्वी हिस्सों की जल निकासी व्यवस्था को एकीकृत करने का प्रस्ताव है. नगर निगम का दावा है कि परियोजना पूरी होने पर 51 वार्डों में जलजमाव की समस्या से करीब 90 प्रतिशत तक राहत मिल सकेगी. हालांकि, योजना को जमीन पर उतारने के लिए राशि की स्वीकृति और निर्माण कार्य शुरू होना अहम होगा.
इसे भी पढ़ें-ठंड की दस्तक के साथ भागलपुर में सजा तिब्बती पोताला बाजार, सीएमएस मैदान में खरीदारी शुरू
सोमवार को स्मार्ट सिटी सभागार में भागलपुर स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) पर प्रस्तुतीकरण और समीक्षा बैठक हुई. महापौर डॉ. बसुंधरा लाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रस्तावित ड्रेनेज नेटवर्क, जल निकासी की तकनीकी व्यवस्था और परियोजना के क्रियान्वयन पर चर्चा की गयी.
तीन चरणों में बनेगा 74 किलोमीटर का नेटवर्क
चयनित एजेंसी यूनिफॉर्म इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड ने डीपीआर में तीन चरणों में ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने का प्रस्ताव दिया है. पहले चरण में नौ किलोमीटर, दूसरे चरण में 10 किलोमीटर और तीसरे चरण में 54 किलोमीटर लंबी ड्रेनेज प्रणाली का निर्माण प्रस्तावित है. परियोजना की अनुमानित लागत करीब 200 करोड़ रुपये है. इसके जरिये शहर के अलग-अलग हिस्सों में जल निकासी के लिए नालों को आपस में जोड़ने की योजना है.
छह अस्थायी और एक स्थायी पंपिंग स्टेशन का प्रस्ताव
जल निकासी की व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए परियोजना में छह अस्थायी इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन (आइपीएस) और एक स्थायी आइपीएस बनाने का प्रस्ताव है. शहर के दक्षिणी, पश्चिमी, मध्य और पूर्वी क्षेत्रों के नालों को जोड़कर पानी को ट्रीटमेंट के लिए एसटीपी तक पहुंचाया जायेगा. वहीं, दक्षिणी क्षेत्र के पानी की निकासी स्थायी आइपीएस के माध्यम से गोरधोई नदी तक करने की योजना है.
राशि की स्वीकृति के लिए मंत्री से हुई बातचीत
महापौर डॉ. बसुंधरा लाल ने कहा कि योजना के पूरा होने से नगर निगम के सभी 51 वार्डों में जलजमाव की समस्या से करीब 90 प्रतिशत तक राहत मिलने की उम्मीद है. करीब 200 करोड़ रुपये की परियोजना के लिए राशि आवंटित कराने को लेकर संबंधित मंत्री से बातचीत की गयी है. उन्होंने कहा कि चरणबद्ध तरीके से राशि स्वीकृत कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जा सके.
इसे भी पढ़ें-भागलपुर टाउन हॉल में कल होगा डॉ. हेडगेवार के जीवन पर नाट्य मंचन
डीपीआर पर पार्षदों ने भी रखे सुझाव
समीक्षा बैठक में पार्षदों और अधिकारियों ने प्रस्तावित जल निकासी व्यवस्था तथा परियोजना के क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर सुझाव दिये. बैठक में नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक, कार्यालय अधीक्षक, बुडको के परियोजना निदेशक व अभियंता, सहायक टाउन प्लानर, लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी सहित नगर निगम और बुडको के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें-




