इस खबर में क्या है?
Bhagalpur Nagar Nigam : भागलपुर नगर निगम में विकास योजनाओं की राशि के आवंटन को लेकर पार्षदों ने अब निगम प्रशासन के खिलाफ आर-पार की लड़ाई शुरू कर दी है. अलग-अलग वार्डों में विकास योजनाओं के लिए राशि के असमान आवंटन और जारी निविदा को रोकने के अनुरोध की अनदेखी से नाराज पार्षदों ने निगम कार्यालय में अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू कर दिया है. वार्ड 25 के पार्षद गोविंद बनर्जी और वार्ड 2 की पार्षद सोनी देवी आमरण अनशन पर बैठे हैं. पार्षदों का कहना है कि विकास योजनाओं में सभी वार्डों को समान अवसर मिलना चाहिए.
भागलपुर की ताजा खबरों के लिए यहां क्लकि करें
किसी एक वार्ड में सामान्य से अधिक राशि की योजना देने से पहले उसकी तकनीकी जांच और संबंधित समितियों से अनुमोदन जरूरी होना चाहिए. पार्षदों ने साफ किया है कि उनकी मांग केवल मौजूदा निविदा तक सीमित नहीं है, बल्कि भविष्य में विकास राशि के आवंटन की प्रक्रिया को भी पारदर्शी और समान बनाने की है.
सबसे अधिक राशि वाले वार्ड के बराबर हो आवंटन
स्थायी समिति के सदस्य और वार्ड 30 के पार्षद अभिषेक आनंद ने कहा कि जिस वार्ड में सबसे अधिक राशि की विकास योजनाएं दी गयी हैं, उसके समतुल्य सभी वार्डों में भी विकास योजनाएं दी जानी चाहिए. इसके लिए तत्काल निविदा निकाली जाए. उन्होंने कहा कि विकास से जुड़े कार्य प्रत्येक वार्ड में समान रूप से किये जाने चाहिए, ताकि किसी वार्ड के साथ भेदभाव न हो.
अधिक राशि की योजना पर समितियों की मंजूरी जरूरी
पार्षदों ने मांग की है कि किसी भी वार्ड में सामान्य से अधिक राशि की विकास योजना देने से पहले तकनीकी जांच रिपोर्ट तैयार हो. इसके बाद सामान्य समिति और सशक्त स्थायी समिति से उसका अनुमोदन लिया जाए और योजना को बजट में पारित कराया जाए. पार्षदों के अनुसार इस प्रक्रिया से विकास योजनाओं के आवंटन में पारदर्शिता बनी रहेगी.
निगम को मिलने वाली राशि की जानकारी भी हो
पार्षदों ने विकास योजनाओं से संबंधित राशि को लेकर भी स्पष्ट व्यवस्था की मांग की है. उनका कहना है कि नगर निगम में विकास योजनाओं के लिए किसी भी प्रकार की राशि प्राप्त होने के बाद इसकी जानकारी सामान्य समिति और सशक्त स्थायी समिति की बैठक में दी जाए. समिति के निर्णय के आधार पर प्रत्येक वार्ड को पत्र भेजकर निर्धारित राशि के अनुसार योजनाओं की सूची मांगी जाए.
अनशन को कई पार्षदों का समर्थन
आमरण अनशन को पार्षद अभिषेक आनंद, रंजीत मंडल, निकेश कुमार, धीरज कुमार, पार्षद प्रतिनिधि राजकुमार, अमृता राज, पार्षद कहकशां प्रवीण के प्रतिनिधि शेर खान, मनोज पासवान, पार्षद संघ के अध्यक्ष अनिल कुमार पासवान, कुमकुम द्विवेदी, अमरकांत मंडल, उमेश मंडल और अशोक पटेल समेत अन्य ने समर्थन दिया है. पार्षदों के इस आंदोलन से विकास योजनाओं के आवंटन को लेकर निगम प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच विवाद और गहरा गया है.
इसे भी पढ़ें-



