इस खबर में क्या है?
Swachhata Se Samriddhi : पर्यावरणीय स्थिरता और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए पूर्व रेलवे ने ‘स्वच्छता ही सेवा–2026’ अभियान के तहत अपने विभिन्न मंडलों और कारखानों में कई पहल शुरू की हैं. 28 और 29 सितंबर को आयोजित दो दिवसीय थीम आधारित अभियान ‘स्वच्छता से समृद्धि’ के तहत कबाड़ के रचनात्मक पुनः उपयोग, प्लास्टिक पुनर्चक्रण, ट्रैक की सफाई और जन-जागरूकता पर जोर दिया जा रहा है.

अभियान ‘कचरे से संसाधन | स्वच्छ रेल, सतत भविष्य’ की मूल भावना से प्रेरित है और पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पाण्डेय के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें-कोलकाता में 31 हजार सुरक्षाकर्मियों के बीच होगी दुर्गा पूजा, छठ तक DJ रहेगा बैन
Swachhata Se Samriddhi : कबाड़ से तैयार हो रही कलाकृतियां
‘कबाड़ से जुगाड़ / कबाड़ से कला’ पहल के तहत पुराने सिग्नलिंग उपकरण, कोच के पुर्जे और धातु कबाड़ जैसी अनुपयोगी रेलवे सामग्रियों को उपयोगी वस्तुओं और कलात्मक संरचनाओं में बदला जा रहा है.

कोचिंग डिपो मालदा टाउन ने मालदा इकोलॉजिकल पार्क में ‘स्क्रैप-टू-आर्ट’ इंस्टॉलेशन तैयार किया है. वहीं विक्रमशिला एकेडमिक ब्लॉक में तोप की आकृति बनाई गई है. एमडीडीटीआई मालदा के आईगॉट-कम-सीबीटी सेंटर के प्रवेश द्वार पर हाथियों की जुड़वां प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं.
जमालपुर लोको शेड ने भी रचनात्मक कलाकृतियां तैयार की हैं. कोचिंग डिपो भागलपुर की मिलराइट बैच ने भारतीय रेल के शुभंकर ‘भोलू – द गार्ड’ का चित्रण तैयार किया है. इसी तरह के रचनात्मक प्रयास सियालदह मंडल में भी किए जा रहे हैं.
प्लास्टिक कचरे के पुनर्चक्रण पर जोर
पूर्व रेलवे स्टेशनों और रेलवे आवासीय कॉलोनियों से एकत्रित प्लास्टिक कचरे के निस्तारण और पुनर्चक्रण की व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ‘प्लास्टिक रीसाइक्लिंग मेले’ आयोजित कर रहा है.

इन मेलों के जरिए स्टेशन विक्रेताओं और कैंटीन जैसे बड़े कचरा उत्पादकों को अधिकृत पुनर्चक्रणकर्ताओं से सीधे जोड़ा जा रहा है. हावड़ा, श्रीरामपुर, तारकेश्वर और बैंडेल में प्लास्टिक संग्रहण के विशेष अभियान चलाए गए.
इसे भी पढ़ें-‘बढ़ते कदम’ विशेषांक जारी, सोशल मीडिया को जनसंवाद का नया माध्यम बनाने पर मंथन
अजीमगंज में चार-तरफा कचरा पृथक्करण के साथ ‘सिंगल-यूज़ प्लास्टिक को ना कहें’ विषय पर जागरूकता अभियान भी आयोजित किया गया.
यात्रियों और विद्यार्थियों को किया जागरूक
स्वच्छता अभियान के तहत यात्रियों और युवाओं के बीच जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया. जमालपुर और न्यू फरक्का स्टेशन पर यात्री जागरूकता अभियान चलाए गए, जिनका नेतृत्व एसएस/एनएफके ने किया.
पर्यावरण एवं हाउसकीपिंग प्रबंधन कर्मचारियों तथा आरपीएफ ने तातारपुर, भागलपुर स्थित राजकीय उर्दू मध्य विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया. इसके जरिए स्कूली स्तर पर भी स्वच्छता और कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया.

भागलपुर में ट्रैक सफाई, रामपुरहाट में सौंदर्यीकरण
स्वच्छता और सैनिटेशन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भागलपुर स्टेशन के नाथनगर छोर के निकट विशेष ट्रैक सफाई अभियान चलाया गया. रामपुरहाट में ‘क्लीनलीनेस टारगेट यूनिट’ क्षेत्र का सौंदर्यीकरण और पर्यावरण सुधार का कार्य किया गया.
इसके अलावा बर्द्धमान स्टेशन पर स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन भी किया गया.

पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिबराम माझि ने कहा, “रचनात्मक तरीके से कबाड़ के पुनः उपयोग, प्रभावी प्लास्टिक पुनर्चक्रण और व्यापक जन-जागरूकता के माध्यम से पूर्व रेलवे कचरे को सम्पदा में बदलकर एक स्वच्छ, हरित और वास्तव में सतत रेल नेटवर्क के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहा है.”
इसे भी पढ़ें-



