Kolkata : पूर्व रेलवे के बी. आर. सिंह अस्पताल ने उन्नत हृदय चिकित्सा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं. अस्पताल की कार्डियक केयर यूनिट ने हाल ही में गंभीर और जटिल हृदय रोगों से जूझ रहे मरीजों की कई जीवनरक्षक प्रक्रियाएं सफलतापूर्वक पूरी कीं.
पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पाण्डेय के नेतृत्व और प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक नटराज बी. के समग्र चिकित्सकीय मार्गदर्शन में अस्पताल में मरीजों को अत्याधुनिक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है. मेडिकल डायरेक्टर डॉ. देबाशीष गुहा के नेतृत्व एवं पर्यवेक्षण में चिकित्सकीय टीम ने कई उच्च जोखिम वाले मामलों का सफल उपचार किया.
पश्चिम बंगाल की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
गंभीर कैल्सीफाइड ब्लॉकेज में रोटा-एब्लेशन से एंजियोप्लास्टी
अस्पताल में 62 वर्षीय पुरुष मरीज गंभीर एंजाइना की शिकायत के साथ पहुंचे थे. जांच में उन्हें गंभीर ट्रिपल-वेसल डिजीज के साथ अत्यधिक कैल्सीफाइड ब्लॉकेज पाया गया. मरीज और उनके परिजन अनुशंसित बाईपास सर्जरी को लेकर हिचकिचा रहे थे.
ऐसे में चिकित्सकीय टीम ने उन्नत रोटा-एब्लेशन तकनीक की सहायता से जटिल डबल-वेसल एंजियोप्लास्टी सफलतापूर्वक की. इस प्रक्रिया में डायमंड-क्रिस्टल कैथेटर की मदद से गंभीर कैल्सिफिकेशन को हटाया गया. सफल उपचार के बाद मरीज पूरी तरह स्वस्थ होकर सुरक्षित रूप से अस्पताल से डिस्चार्ज हुए.
पहली बैलून एओर्टिक वाल्वोटॉमी भी सफल
बी. आर. सिंह अस्पताल ने अपनी पहली बैलून एओर्टिक वाल्वोटॉमी (BAV) भी सफलतापूर्वक की. इस प्रक्रिया से एओर्टिक वाल्व के माध्यम से रक्त प्रवाह में उल्लेखनीय सुधार हुआ और मरीज के जीवन की गुणवत्ता में काफी सुधार आया.
95 वर्षीय मरीज में स्थायी पेसमेकर का प्रत्यारोपण
अस्पताल की चिकित्सकीय टीम ने 95 वर्षीय मरीज में सफलतापूर्वक स्थायी पेसमेकर भी प्रत्यारोपित किया. इस उपलब्धि के जरिए टीम ने सभी आयु वर्ग के मरीजों को उत्कृष्ट हृदय चिकित्सा उपलब्ध कराने की अपनी क्षमता को प्रदर्शित किया.
मरीज और उनके परिवार ने अस्पताल की संवेदनशील, जीवनरक्षक एवं मानवीय चिकित्सा सेवा के लिए चिकित्सकीय टीम के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया.
इन चिकित्सकीय उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिबराम माझि ने कहा, “बी. आर. सिंह अस्पताल अपने सभी मरीजों को अत्याधुनिक, संवेदनशील एवं जीवनरक्षक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के अपने मिशन के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है.”
इसे भी पढ़ें-



