Kolkata RPF Football Tournament 2026 : पूर्व रेलवे ने पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे को फाइनल में 1-0 से हराकर 34वें अंतर-रेलवे आरपीएफ फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया. भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) परिसर, साल्ट लेक, कोलकाता में आयोजित सात दिवसीय प्रतियोगिता का समापन 11 अक्टूबर को उत्साह और खेल भावना के बीच हुआ.
रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), पूर्व रेलवे की ओर से आयोजित इस टूर्नामेंट की शुरुआत 5 अक्टूबर 2026 को हुई थी. प्रतियोगिता में विभिन्न रेलवे जोनों और इकाइयों का प्रतिनिधित्व करने वाली 11 टीमों ने हिस्सा लिया. दक्षिण रेलवे की टीम तीसरे स्थान पर रही.
पूर्व रेलवे में कबाड़ से जुगाड़, पुरानी रेल सामग्री से तैयार हुईं भोलू और हाथियों की प्रतिमाएं

11 टीमों ने खिताब के लिए पेश की चुनौती
टूर्नामेंट में मध्य रेलवे, पूर्व रेलवे, दक्षिण पूर्व रेलवे, पूर्व तट रेलवे, पूर्वोत्तर रेलवे, दक्षिण पश्चिम रेलवे, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे, दक्षिण रेलवे, पूर्व मध्य रेलवे, उत्तर रेलवे और आरपीएसएफ की टीमों ने भाग लिया. प्रतियोगिता लीग-कम-नॉकआउट प्रारूप में आयोजित की गई. इसमें टीमों को लीग चरण के बाद क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल मुकाबलों से गुजरते हुए फाइनल तक पहुंचना पड़ा. पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने फुटबॉल कौशल, शारीरिक फिटनेस, अनुशासन, टीम वर्क और प्रतिस्पर्धी भावना का प्रदर्शन किया.
संजय विश्वास को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार
फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करने वाले पूर्व रेलवे के संजय विश्वास को मैन ऑफ द मैच चुना गया. वहीं, पूरे टूर्नामेंट में असाधारण खेल दिखाने के लिए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के आशीष मिंज को मैन ऑफ द टूर्नामेंट के पुरस्कार से सम्मानित किया गया.

समापन समारोह में पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडेय ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की. उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफियां प्रदान कीं तथा खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पदक देकर सम्मानित किया. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट के दौरान सराहनीय प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बधाई दी.
गीतिका पांडेय ने की आयोजन की सराहना
पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडेय ने प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए पूर्व रेलवे आरपीएफ के प्रयासों की सराहना की. उन्होंने रेलकर्मियों के बीच शारीरिक फिटनेस, अनुशासन, टीम वर्क और सकारात्मक कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने में खेलों के महत्व पर जोर दिया.
उन्होंने चैंपियन और उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की. प्रतियोगिता ने विभिन्न रेलवे जोनों के आरपीएफ कर्मियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ रेलकर्मियों के बीच सौहार्द, पारस्परिक सम्मान और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने का अवसर दिया.

अमिय नंदन सिन्हा ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
समारोह में पूर्व रेलवे के आईजी-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त अमिय नंदन सिन्हा ने कहा कि यह टूर्नामेंट रेलकर्मियों की प्रतिभा, टीम वर्क और खेल भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है. उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल टीमों के उत्साह और समर्पण की सराहना की.
बी. आर. सिंह अस्पताल में जटिल हृदय रोगों का सफल इलाज, 95 वर्षीय मरीज को पेसमेकर
इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण), प्रधान मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर, प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी और पूर्व रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे.

खेल और फिटनेस को बढ़ावा देने की पहल
34वें अंतर-रेलवे आरपीएफ फुटबॉल टूर्नामेंट का सफल समापन भारतीय रेल में खेल और फिटनेस को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि रहा. इस प्रतियोगिता ने रेलकर्मियों के सर्वांगीण विकास के साथ खेल उत्कृष्टता, आपसी सौहार्द और अनुशासन को प्रोत्साहित करने की दिशा में पूर्व रेलवे की प्रतिबद्धता को दोहराया.
इसे भी पढ़ें-



