Jharkhand Medical Admission 2026 : झारखंड में मेडिकल कॉलेजों की खाली सीटों पर दाखिले की प्रक्रिया अब अहम चरण में पहुंचने वाली है. एमबीबीएस, बीडीएस और बीएचएमएस के स्ट्रे वैकेंसी राउंड में अभ्यर्थियों को सीटों के लिए अपनी पसंद तय करने के साथ उसमें बदलाव का भी अवसर मिलेगा. झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (जेसीईसीईबी) की संशोधित समय-सारिणी के मुताबिक, नये अभ्यर्थियों के लिए आवेदन की अवधि 14 से 16 अक्टूबर तक है.
इस राउंड में नीट-यूजी 2026 के आधार पर दाखिले की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. धनबाद समेत राज्य के विभिन्न जिलों के विद्यार्थियों के लिए अब आवेदन की समय-सीमा और सीट आवंटन से जुड़ी तारीखों का ध्यान रखना जरूरी है.
JPSC परीक्षा रद्द करने के खिलाफ याचिकाओं पर सुनवाई पूरी, अब फैसले का इंतजार
15 अक्टूबर को सामने आएंगी खाली सीटें
राज्य कोटे की एमबीबीएस, बीडीएस और बीएचएमएस सीटों की रिक्तियों का विवरण 15 अक्टूबर को प्रदर्शित किया जाना निर्धारित है. इसके बाद 17 अक्टूबर को राज्य मेधा सूची जारी होगी. अभ्यर्थी इसी दिन से सीट आवंटन के लिए अपने विकल्प भर सकेंगे.
चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया 19 अक्टूबर शाम छह बजे तक चलेगी. इसके बाद उसी दिन शाम 6:01 बजे से रात 12 बजे तक अभ्यर्थियों को भरे गये विकल्पों में संशोधन करने का अवसर मिलेगा. यानी विकल्प भरने के साथ उन्हें अपनी पसंद में बदलाव के लिए भी निर्धारित समय दिया गया है.
21 अक्टूबर से शुरू होगा सीट आवंटन का चरण
एमबीबीएस की खाली अखिल भारतीय कोटे की सीटों के लिए भी काउंसलिंग का संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया है. इसकी मेधा सूची 17 अक्टूबर को प्रकाशित होगी और विकल्प भरने की प्रक्रिया 17 से 19 अक्टूबर तक चलेगी.
अनंतिम सीट आवंटन पत्र 21 से 26 अक्टूबर के बीच जारी किये जायेंगे. वहीं, संबंधित संस्थानों में प्रमाणपत्रों का सत्यापन और नामांकन 22 से 26 अक्टूबर तक निर्धारित है.
पुराने अभ्यर्थियों को दोबारा रजिस्ट्रेशन नहीं करना होगा
जेसीईसीईबी ने स्पष्ट किया है कि 26 सितंबर को जारी राज्य मेधा सूची में शामिल अभ्यर्थियों को दोबारा ऑनलाइन आवेदन करने की जरूरत नहीं है. नये अभ्यर्थियों को 14 से 16 अक्टूबर के बीच आवेदन करना होगा.
सीट आवंटन नीट-यूजी की मेधा सूची, संबंधित पाठ्यक्रम की पात्रता और उपलब्ध सीटों के आधार पर किया जाएगा. अभ्यर्थी विस्तृत कार्यक्रम और आवेदन संबंधी जानकारी पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट jceceb.jharkhand.gov.in पर देख सकते हैं.
इसे भी पढ़ें-



