Darbhanga News: दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव परिणाम में दूसरी वरीयता के मतों ने पूरे मुकाबले की तस्वीर बदल दी. पहली वरीयता की गिनती से लेकर एलिमिनेशन राउंड के अंतिम चरण तक भाजपा प्रत्याशी और मौजूदा विधान पार्षद सर्वेश कुमार सिंह बढ़त बनाए हुए थे. अंतिम तीन प्रत्याशियों के बीच भी वह 1,046 मतों से आगे थे. इसके बावजूद अंतिम परिणाम उनके पक्ष में नहीं आया.
राजद प्रत्याशी अनिल कुमार झा ने मतों के हस्तांतरण के बाद बाजी पलटते हुए सर्वेश कुमार सिंह को 4,010 मतों से पराजित कर दिया.
इसे भी पढ़ें-डॉक्टर से सियासत तक का सफर, डॉ. एनके यादव ने कोसी में लगाई जीत की हैट्रिक
Darbhanga : अंतिम चरण में बदल गया चुनाव का रुख
दरभंगा स्नातक सीट की मतगणना में निर्धारित जीत का कोटा पूरा नहीं होने के कारण एलिमिनेशन की प्रक्रिया अपनाई गई. इसमें कम मत पाने वाले प्रत्याशियों को बाहर करते हुए उनके मतपत्रों पर दर्ज अगली वरीयता के मत शेष प्रत्याशियों को हस्तांतरित किए गए.
मुकाबला जब अंतिम तीन प्रत्याशियों तक पहुंचा, तब भी सर्वेश कुमार सिंह 1,046 मतों से आगे थे. लेकिन जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी मोहम्मद इम्तियाज के मतपत्रों पर दर्ज दूसरी वरीयता के मतों की गिनती और हस्तांतरण के बाद स्थिति बदल गई. अनिल कुमार झा आगे निकल गए और अंततः जीत दर्ज की.
निर्दलीय से भाजपा प्रत्याशी तक का सफर
सर्वेश कुमार सिंह ने वर्ष 2020 के विधान परिषद चुनाव में भाजपा से अलग होकर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था. उस समय उन्होंने जदयू प्रत्याशी दिलीप चौधरी को हराकर पहली बार विधान परिषद में जगह बनाई थी.
इस बार सर्वेश कुमार सिंह भाजपा के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरे थे. मतगणना के दौरान लंबे समय तक बढ़त बनाए रखने के बावजूद दूसरी वरीयता के मतों के हस्तांतरण ने उनकी जीत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया.
इसे भी पढ़ें-नीरज कुमार ने जीती पटना स्नातक सीट, अनंत सिंह के समर्थन वाले प्रत्याशी को झटका; जानें बिहार की 8 MLC सीटों का पूरा अपडेट
करीब 60 घंटे चली मतगणना
दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतगणना की प्रक्रिया करीब 60 घंटे तक चली. लंबी गिनती और एलिमिनेशन के अंतिम दौर के बाद राजद प्रत्याशी अनिल कुमार झा को विजेता घोषित किया गया. उन्होंने सर्वेश कुमार सिंह को 4,010 मतों के अंतर से हराया.










