Bhagalpur News : अकबरनगर थाना क्षेत्र में मैच देखकर घर लौट रहे एक युवक की हादसे में मौत हो गई. मृतक की पहचान किशनपुर निवासी कैलाश मंडल के बेटे राकेश कुमार (34) के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, राकेश सुबह ममलखा में मैच देखने गया था. शाम को लौटने के दौरान वह दुर्घटना का शिकार हो गया. उसे इलाज के लिए मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई.
सड़क किनारे गिरा मिला युवक, बेटे को दी गई सूचना
परिजनों के मुताबिक, हादसे के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिसने राकेश को दुर्घटना का शिकार होते देखा हो. बाद में उधर से गुजर रहे एक व्यक्ति ने उसे गिरा हुआ देखा और पहचान की कि वह कैलाश मंडल का बेटा है. इसके बाद राकेश को घर पहुंचाया गया. उस समय उसकी सांसें चल रही थीं.
इसे भी पढ़ें-2029 तक नशामुक्त बिहार का लक्ष्य, सबौर हाई स्कूल में विद्यार्थियों ने ली शपथ
इसके बाद नाथनगर में रहने वाले राकेश के बेटे को फोन कर घटना की जानकारी दी गई. सूचना मिलते ही बेटा पहुंचा और राकेश को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल लेकर गया. हालांकि, चिकित्सक उसे बचा नहीं सके.
राकेश के तीन छोटे बेटे, हादसे की वजह स्पष्ट नहीं
बताया जा रहा है कि करीब 34 वर्षीय राकेश कुमार शादीशुदा था और उसके तीन छोटे-छोटे बेटे हैं. घटना के बाद परिवार में मातम है. फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि राकेश किन परिस्थितियों में दुर्घटना का शिकार हुआ.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. हादसे की परिस्थितियों की जानकारी सामने आने का इंतजार है.










