Rabi Mahabhiyan 2026: नाथनगर में सोमवार, 26 अक्टूबर 2026 को वासंतिक (रबी) महाभियान-2026 के तहत प्रखंडस्तरीय प्रशिक्षण-सह-उपादान वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व विधायक लक्ष्मीकान्त मंडल, आत्मा भागलपुर के उप परियोजना निदेशक प्रभात कुमार सिंह, प्रखंड कृषि पदाधिकारी सुषमा राज और सबौर के कृषि वैज्ञानिकों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस दौरान किसानों को खेती की आधुनिक तकनीकों, फसल विविधीकरण, मिट्टी की जांच और कीट नियंत्रण के उपायों की जानकारी दी गई.
Rabi Mahabhiyan 2026 : मशरूम, स्वीट कॉर्न और गेंदा की खेती से आय बढ़ाने की सलाह
कार्यक्रम में पूर्व विधायक लक्ष्मीकान्त मंडल ने कहा कि किसानों को अपनी दशा और दिशा, दोनों बदलने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं से किसानों को लाभ मिलेगा.
इसे भी पढ़ें-गंगा पथ के लिए शर्तों के साथ NOC जारी, कटाव और बाढ़ से सुरक्षा की जिम्मेदारी तय
आत्मा भागलपुर के उप परियोजना निदेशक प्रभात कुमार सिंह ने किसानों से रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक एवं जैविक खेती की पद्धतियां अपनाने की अपील की. उन्होंने मशरूम उत्पादन, गेंदा फूल की खेती, स्वीट कॉर्न और बेबी कॉर्न जैसी फसलों के जरिए खेती में विविधता लाने तथा आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया.
उन्होंने आत्मा की योजनाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं को संगठित होकर व्यवसाय करने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में स्वरोजगार की असीम संभावनाएं हैं और किसान व्यावसायिक खेती अपनाकर कृषि उद्यमी बन सकते हैं.
मिट्टी की जांच के बाद ही करें उर्वरकों का इस्तेमाल
प्रखंड कृषि पदाधिकारी सुषमा राज ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने बेहतर उत्पादन के लिए गुणवत्तापूर्ण बीज के इस्तेमाल, मृदा परीक्षण के आधार पर संतुलित उर्वरक प्रयोग और उचित जल प्रबंधन अपनाने पर जोर दिया.
कृषि वैज्ञानिक डॉ. पंकज कुमार ने किसानों को मिट्टी की जांच के आधार पर उर्वरकों का संतुलित इस्तेमाल करने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि मिट्टी की जांच के बाद ही फसलों में उर्वरकों का उपयोग करना चाहिए. साथ ही किसानों को जैविक और प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया.
बुआई से पहले बीज उपचार और कीट नियंत्रण की जानकारी
कृषि वैज्ञानिक डॉ. रामानुज विश्वकर्मा ने रबी फसलों में कीट नियंत्रण के उपायों की जानकारी दी. उन्होंने किसानों को फसल लगाने से पहले बीज उपचार करने की सलाह दी, ताकि फसल उत्पादन के दौरान जरूरी सावधानियां अपनाई जा सकें.
इसे भी पढ़ें-200 करोड़ की ड्रेनेज योजना से बदलेगी भागलपुर की जल निकासी व्यवस्था, 51 वार्डों को राहत की उम्मीद
कार्यक्रम में नाथनगर के प्रखंड तकनीकी प्रबंधक निक्की श्वेता, लेखापाल, सभी किसान सलाहकार, कृषि समन्वयक और अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें-




