Bhagalpur Ganga Flood : भागलपुर में गंगा अब खतरे के निशान से काफी ऊपर बह रही है और जलस्तर जिस तेजी से बढ़ा है, उसने तटवर्ती इलाकों की चिंता बढ़ा दी है. शुक्रवार शाम छह बजे गंगा का जलस्तर 34.02 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का निशान 33.68 मीटर है. यानी नदी खतरे के निशान से 32 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच चुकी है.
सबसे ज्यादा चिंता पिछले 24 घंटे के आंकड़े ने बढ़ायी है. इस दौरान गंगा के जलस्तर में 45 सेंटीमीटर से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गयी. इस साल एक दिन में जलस्तर बढ़ने की यह अब तक की सबसे बड़ी बढ़ोतरी बतायी जा रही है.
नवगछिया में शंकरपुर का 100 साल पुराना चैती दुर्गा मंदिर गंगा में समाया, कटाव ने मिटाई धार्मिक विरासत
सुबह गंगा की रफ्तार सबसे तेज, हर घंटे 2 सेंटीमीटर बढ़ा पानी
शुक्रवार को गंगा के बढ़ने की रफ्तार सुबह के समय सबसे ज्यादा रही. सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक नदी का जलस्तर करीब दो सेंटीमीटर प्रति घंटे की दर से बढ़ता रहा.
दोपहर के बाद बढ़ोतरी की रफ्तार कुछ कम हुई और शाम तक करीब एक सेंटीमीटर प्रति घंटे की दर से जलस्तर बढ़ा. इसके बावजूद नदी के लगातार ऊपर चढ़ने से तटवर्ती क्षेत्रों में स्थिति को लेकर चिंता बनी हुई है.
गुरुवार रात खतरे के निशान से ऊपर गयी थी गंगा
गंगा ने भागलपुर में खतरे के निशान को गुरुवार आधी रात में ही पार कर लिया था. इसके बाद से नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. शुक्रवार शाम तक यह 34.02 मीटर तक पहुंच गया.
मौजूदा जलस्तर अभी उस रिकॉर्ड से नीचे है, जो भागलपुर में वर्ष 2021 में बना था. उस साल गंगा 34.86 मीटर तक पहुंच गयी थी और पिछले सभी रिकॉर्ड पीछे छूट गये थे. हालांकि इस बार पानी बढ़ने की रफ्तार ने फिर पुराने रिकॉर्ड की चिंता सामने ला दी है.
भागलपुर-बांका के बीच 239 करोड़ से बनेगी चौड़ी सड़क, SH-25 पर सफर होगा बेहतर
34.86 मीटर के रिकॉर्ड से अभी 84 सेंटीमीटर नीचे
भागलपुर में गंगा का अब तक दर्ज रिकॉर्ड जलस्तर 34.86 मीटर है. शुक्रवार शाम नदी 34.02 मीटर पर थी. यानी मौजूदा जलस्तर 2021 के रिकॉर्ड से 84 सेंटीमीटर नीचे है.
फिलहाल नदी उस रिकॉर्ड तक नहीं पहुंची है, लेकिन एक ही दिन में 45 सेंटीमीटर से अधिक की बढ़ोतरी और खतरे के निशान से लगातार ऊपर बने रहने की स्थिति ने हालात को गंभीर बना दिया है.
इलाहाबाद में पानी घटा, लेकिन भागलपुर में राहत अभी दूर
सेंट्रल फ्लड कंट्रोल सेल, डब्ल्यूआरडी पटना की रिपोर्ट में भागलपुर में गंगा के जलस्तर में आगे भी वृद्धि की संभावना जतायी गयी है. हालांकि इसी बीच एक राहत वाला संकेत इलाहाबाद से मिला है.
शुक्रवार से इलाहाबाद में गंगा का जलस्तर घटना शुरू हुआ है और आगे भी इसमें कमी आने की संभावना है. इसके बावजूद वहां से आने वाला पानी भागलपुर में पहुंचने के कारण यहां गंगा के जलस्तर में अभी वृद्धि जारी रह सकती है.
यानी इलाहाबाद में पानी घटने का संकेत मिलने के बावजूद भागलपुर में गंगा के तेवर फिलहाल कमजोर नहीं हुए हैं. नदी खतरे के निशान से ऊपर है और जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि पर नजर बनी हुई है.
इसे भी पढ़ें-



