Jagdishpur Sanhoula Road Accident : भागलपुर और बांका जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में जगदीशपुर-सन्हौला मुख्य मार्ग पर हरचंडी के निकट खरामा माल के समीप मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. तेज रफ्तार 14 चक्का गिट्टी लदे ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गयी. हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गयी और परिजनों में कोहराम मच गया.
मृतक की पहचान बांका जिले के नवादा बाजार सहायक थाना क्षेत्र के हरचंडी अमहारा पंचायत के पदमपुर निवासी वकील प्रसाद सिंह के 30 वर्षीय पुत्र रविंद्र कुमार सिंह के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार रविंद्र सुबह-सुबह किसी काम से बाइक से जगदीशपुर गया था. वहां से वापस लौटने के दौरान वह हादसे का शिकार हो गया.
विक्रमशिला सेतु बंद होते ही बदल जाएगा आवागमन, क्रूज से फेरी सेवा तक जानिए प्रशासन का पूरा प्लान
Jagdishpur Sanhoula Road Accident : हादसे के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम की
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया. उग्र ग्रामीणों ने सन्हौला-जगदीशपुर मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया. सड़क जाम होने के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी और आवागमन प्रभावित रहा.
इधर, घटना की सूचना मिलते ही गोराडीह थाना की पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने परिजनों को समझाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
तीन मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
रविंद्र कुमार सिंह की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. रविंद्र अपने पीछे तीन मासूम बेटियों को छोड़ गया है. हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और तीनों बेटियों के सिर से हमेशा के लिए पिता का साया उठ गया.
ट्रक जब्त, जांच शुरू
थाना अध्यक्ष दीपक पासवान ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. हादसे में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गयी है.
इसे भी पढ़ें-



