इस खबर में क्या है?
Bihar News: गया में केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने नया विवाद खड़ा कर दिया है. वीडियो में एक युवक ने न सिर्फ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया, बल्कि मांझी और उनके परिवार को लेकर धमकी भरे बयान भी दिए. मामला सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने जांच तेज कर दी है और आरोपी की पहचान करने की कोशिश जारी है.
वीडियो वायरल होते ही प्रशासन अलर्ट
बुधवार शाम सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से शेयर किया जाने लगा. वीडियो में दिखाई दे रहा युवक काफी आक्रामक अंदाज में बोलता नजर आ रहा है. उसने जीतन राम मांझी को लेकर विवादित टिप्पणी की और भविष्य में हमले जैसी बात कहकर माहौल गरमा दिया. वीडियो के वायरल होते ही पुलिस अधिकारियों तक इसकी जानकारी पहुंची, जिसके बाद मामले को गंभीर मानते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी गई.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
आईजी ने कहा- कानून से ऊपर कोई नहीं
मगध क्षेत्र के आईजी विकास वैभव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मामले में तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी को धमकाना या अपमानजनक टिप्पणी करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी व्यक्ति को कोई शिकायत या आपत्ति है तो उसके लिए कानूनी रास्ता मौजूद है, लेकिन धमकी और अभद्रता किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी.
सोशल मीडिया अकाउंट की हो रही जांच
गया पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है. जिस अकाउंट से वीडियो अपलोड किया गया, उसकी गतिविधियों और पहचान की भी जांच की जा रही है. एसएसपी सुशील कुमार के अनुसार, संबंधित टीमों को आरोपी तक पहुंचने के लिए लगाया गया है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.
विधायक ज्योति मांझी से जुड़े विवाद के बाद बढ़ा तनाव
जानकारी के मुताबिक, हाल के दिनों में बाराचट्टी विधायक ज्योति मांझी से जुड़े विवाद के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है. बताया जा रहा है कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान रास्ता देने को लेकर कुछ लोगों के साथ विवाद हुआ था. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कहासुनी के दौरान माहौल काफी गर्म हो गया और सुरक्षाकर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की हुई. बाद में विधायक की ओर से मोहनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी.
पुलिस की कार्रवाई में नौ लोग पहुंचे जेल
घटना के बाद गया पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान चलाया. पुलिस का दावा है कि मामले में शामिल नौ आरोपियों को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. उधर, जीतन राम मांझी ने भी घटना को गंभीर बताते हुए नाराजगी जताई थी. उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि संबंधित दारोगा पर तय समय में कार्रवाई नहीं हुई तो वे प्रशासनिक कार्यालयों के बाहर धरना देंगे.
इसे भी पढ़ें–बिहार पुलिस में बड़ा फेरबदल, 5 IPS और 8 DSP का तबादला, नवगछिया SP बदले
इसे भी पढ़ें-पटना समेत बिहार में मेडिकल स्टोर बंद, ई-फार्मेसी के विरोध में दवा कारोबारियों की हड़ताल
इसे भी पढ़ें-TRE-4 पर बढ़ा छात्रों का दबाव, शिक्षा मंत्री ने कहा- तैयारी करते रहें, जल्द जारी होगा शेड्यूल
इसे भी पढ़ें-पटना में सुबह-सुबह एनकाउंटर; कैश वैन लूटकर भाग रहे बदमाशों से पुलिस की भिड़ंत

