Bhagalpur News : तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय ने स्नातक सत्र 2023-27 के विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है. सेमेस्टर-1 के रिजल्ट में एनईपी संबंधी समस्या झेल रहे छात्र-छात्राओं को अब शपथ पत्र देकर सेमेस्टर-5 की परीक्षा का फॉर्म भरने की अनुमति मिल गई है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस संबंध में सभी कॉलेजों को निर्देश जारी कर दिया है.
इस फैसले के बाद पिछले कई दिनों से विश्वविद्यालय और कॉलेजों में चल रहा विरोध प्रदर्शन समाप्त हो गया. छात्र संगठनों और विद्यार्थियों ने फॉर्म भरने की अनुमति की मांग को लेकर लगातार आंदोलन किया था.
छात्रों के प्रदर्शन के बाद लिया गया फैसला
बुधवार को विभिन्न कॉलेजों के छात्र-छात्राएं और कई छात्र संगठनों के प्रतिनिधि विश्वविद्यालय मुख्यालय पहुंचे और प्रशासनिक भवन के सामने धरना पर बैठ गए. मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत की और समाधान का भरोसा दिया.
इसके बाद परीक्षा नियंत्रक प्रो. विनोद कुमार ओझा ने प्रभारी कुलपति प्रो. विमलेंदु शेखर झा से चर्चा की. फिर रजिस्ट्रार कार्यालय में आपात बैठक आयोजित की गई, जिसमें यह निर्णय लिया गया कि एनईपी अंकित रिजल्ट वाले विद्यार्थी शपथ पत्र के साथ परीक्षा फॉर्म जमा कर सकेंगे.
परीक्षा फॉर्म भरने की तारीख बढ़ी
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सेमेस्टर-5 परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि भी आगे बढ़ा दी है. अब विद्यार्थी 16 मई तक बिना विलंब शुल्क के फॉर्म जमा कर सकेंगे. वहीं 17 से 19 मई तक विलंब शुल्क के साथ फॉर्म भरने की सुविधा मिलेगी.
फॉर्म भरने की प्रक्रिया को सुचारु रखने के लिए 17 मई को रविवार होने के बावजूद कॉलेज खुले रहेंगे.
शपथ पत्र मुफ्त में देने का निर्देश
रजिस्ट्रार प्रो. रामाशीष पूर्वे ने स्पष्ट किया है कि कॉलेजों को विद्यार्थियों को शपथ पत्र नि:शुल्क उपलब्ध कराना होगा. इसके लिए किसी प्रकार की फीस नहीं ली जाएगी.
रिजल्ट रद्द होने की भी शर्त
विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि शपथ पत्र देने वाले विद्यार्थियों को लिखित रूप से यह स्वीकार करना होगा कि यदि वे सेमेस्टर-1 और सेमेस्टर-2 की परीक्षा में उत्तीर्ण नहीं होते हैं, तो सेमेस्टर-5 परीक्षा का परिणाम रद्द कर दिया जाएगा.
इसके साथ ही विद्यार्थियों को परीक्षा फॉर्म के साथ आधार कार्ड की प्रति भी जमा करनी होगी.
कई छात्र संगठनों ने चलाया था आंदोलन
सेमेस्टर-5 फॉर्म भरने को लेकर छात्र रालोमो, छात्र राजद, एबीवीपी और छात्र जदयू समेत कई संगठनों ने लगातार विरोध प्रदर्शन किया था. छात्र संगठनों का कहना था कि एनईपी समस्या की वजह से विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है.
इसे भी पढ़ें-सुलतानगंज के 13 स्कूलों ने नहीं दिया 50 हजार खर्च का हिसाब, शिक्षा विभाग सख्त
इसे भी पढ़ें-विक्रमशिला सेतु पर बनेगा बेली ब्रिज, BRO की टीम भागलपुर पहुंची, जल्द शुरू होगा काम
इसे भी पढ़ें-फेरी सेवा में बच्चों का किराया 25 और बड़ों का 50 रुपये, वाहनों के लिए भी दर तय
इसे भी पढ़ें-भागलपुर के नवगछिया में दिनदहाड़े फायरिंग, युवक को गोली मारकर अपराधी फरार
इसे भी पढ़ें-कोयला ढुलाई के साथ विकास भी दौड़ेगा, पीरपैंती में पावर प्लांट के लिए बनेगा 5KM रेल-सड़क कॉरिडोर

