Bihar News: बिहार के कैमूर जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में अंतिम संस्कार की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ी पहल की है. जिले की सभी पंचायतों में आधुनिक सुविधाओं से युक्त मुक्तिधाम विकसित किये जाएंगे. यह योजना सात निश्चय योजना-3 के अंतर्गत लागू की जा रही है, जिसका उद्देश्य गांवों में अंतिम संस्कार की सुरक्षित, व्यवस्थित और सम्मानजनक व्यवस्था सुनिश्चित करना है.
पंचायत स्तर पर तैयार होंगे आधुनिक शवदाह स्थल
जिला पंचायती राज पदाधिकारी मनोज कुमार पवन ने बताया कि पंचायती राज विभाग की ओर से इस योजना को लेकर दिशा-निर्देश जारी कर दिये गये हैं. साथ ही सभी प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश भी दिये गये हैं.
उन्होंने कहा कि पंचायतों में बनने वाले मुक्तिधामों को स्थानीय जरूरतों के अनुसार विकसित किया जायेगा, ताकि अंतिम संस्कार के दौरान लोगों को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
शौचालय, पेयजल और प्रतीक्षालय जैसी सुविधाएं रहेंगी उपलब्ध
सरकार की योजना के तहत मुक्तिधाम परिसर को आधुनिक स्वरूप दिया जायेगा. यहां अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले लोगों के लिए बैठने की व्यवस्था, शेड, प्रतीक्षालय, चारदीवारी, स्नानागार और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएंगी.
इसके अलावा मुक्तिधाम तक पहुंचने के लिए बेहतर रास्ता, ड्रेनेज सिस्टम, साफ-सफाई और पेयजल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जायेगी, ताकि ग्रामीणों को सुविधा मिल सके.
खुले स्थानों पर अंतिम संस्कार की समस्या होगी कम
ग्रामीण इलाकों में अभी भी कई जगहों पर व्यवस्थित श्मशान घाट नहीं होने के कारण लोगों को खुले स्थानों या नदी किनारे अंतिम संस्कार करना पड़ता है. सरकार का मानना है कि आधुनिक मुक्तिधाम बनने से इस समस्या से राहत मिलेगी और ग्रामीणों को सम्मानजनक सुविधा उपलब्ध होगी.
पर्यावरण संरक्षण पर भी रहेगा जोर
अधिकारियों के अनुसार मुक्तिधामों के निर्माण में पर्यावरणीय पहलुओं को भी ध्यान में रखा जायेगा. इससे प्रदूषण नियंत्रण और स्वच्छता अभियान को मजबूती मिलने की उम्मीद है. सरकार इसे ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ अभियान का हिस्सा मान रही है.
जमीन चिन्हित करने का काम शुरू
जिला पंचायती राज विभाग के मुताबिक योजना के लिए भूमि सर्वेक्षण की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. पंचायत स्तर पर जमीन की पहचान की जा रही है, ताकि निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जा सके.
24 घंटे के भीतर मिलेगा मृत्यु प्रमाण पत्र
अधिकारियों ने बताया कि पंचायत के मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार होने पर आवेदन मिलने के 24 घंटे के भीतर मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने की व्यवस्था की जायेगी. हालांकि यह सुविधा केवल पंचायत क्षेत्र में मृत्यु होने वाले लोगों के लिए लागू रहेगी.
इन प्रखंडों में बनेंगे मुक्तिधाम
- चैनपुर – 47.
- कुदरा – 30.
- चांद – 26.
- भगवानपुर – 19.
- नुआव – 15.
- भभुआ – 12.
- अधौरा – 10.
- रामगढ़ – 9.
- करौं – 9.
- कसैया – 9.
- मोहनियां – 8.
- रामपुर – 4.
- डिंडाकोली – 3.
इसे भी पढ़ें-DTO-MVI के लिए नया आदेश जारी, छुट्टी से पहले मुख्यालय को देनी होगी सूचना
इसे भी पढ़ें-स्कॉर्पियो नहीं मिलने से नाराज युवक ने गंगा में कूदकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम
इसे भी पढ़ें-बिहार में निवेश बढ़ाने का सम्राट चौधरी का प्लान, हर 3 महीने पर उद्योगपतियों संग होगी बैठक
इसे भी पढ़ें-IRCTC मनी लॉन्ड्रिंग केस में फिर टला फैसला, लालू परिवार के लिए 9 जून को आएगा कोर्ट का आदेश
इसे भी पढ़ें-SP ट्रांसफर की जारी कर दी फर्जी अधिसूचना, पटना साइबर पुलिस ने आरोपी को दबोचा


