Patna ADM Vigilance Raid: आय से अधिक संपत्ति के मामले में सोमवार को हुई निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई में पटना के एडीएम सप्लाई रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी दानापुर की डिस्ट्रिक्ट सब-रजिस्ट्रार कुमारी स्वीटी से जुड़ी संपत्तियों की बड़ी तस्वीर सामने आई है. दोनों के पटना और बेगुसराय स्थित आवासों से 70 लाख रुपये से ज्यादा नकदी, करीब 80 लाख रुपये के जेवर और करीब 40 कीमती विदेशी घड़ियां बरामद की गई हैं. विदेशी घड़ियों की कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है.
इसे भी पढ़ें-विधानसभा के पास रोका गया मार्च, प्रदर्शनकारियों पर चला वाटर कैनन
निवेश से जुड़े कागजात भी टीम के हाथ लगे हैं. ब्यूरो ने एक करोड़ 6 लाख 85 हजार 900 रुपये की आय से अधिक संपत्ति का पता चलने के बाद एफआईआर दर्ज की है.
Patna ADM Vigilance Raid: नकदी से लेकर विदेशी घड़ियों तक, क्या-क्या मिला
तलाशी के दौरान दोनों आवासों से 70 लाख रुपये से अधिक नकदी मिली. नकदी की मात्रा इतनी थी कि नोटों की गिनती के लिए विजिलेंस टीम को करेंसी काउंटिंग मशीन का सहारा लेना पड़ा. दोनों जगहों से 500 रुपये के नोटों की 100 से ज्यादा गड्डियां बरामद हुई हैं.
पटना स्थित आवास से करीब 40 कीमती विदेशी घड़ियां भी मिली हैं. इनकी कीमत एक करोड़ रुपये से ज्यादा आंकी जा रही है. इसके अलावा करीब 80 लाख रुपये कीमत के जेवर और निवेश से जुड़े कागजात भी बरामद किए गए हैं.
चार ठिकानों पर एक साथ पहुंची विजिलेंस टीम
आय से अधिक संपत्ति से जुड़े विजिलेंस पीएस केस नंबर 113/26 में कोर्ट से सर्च वारंट लेने के बाद सोमवार दोपहर कार्रवाई शुरू की गई. टीम ने पटना और बेगुसराय में आवास और कार्यालयों को मिलाकर चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की.
बेगुसराय के नगर थाना पोखरिया वार्ड संख्या-37 स्थित पैतृक आवास के साथ पटना स्थित आवास की भी तलाशी ली गई. दोनों अधिकारियों के कार्यालयों में भी टीम पहुंची, लेकिन वहां से कोई खास बरामदगी नहीं हुई.
पटना में किराये के फ्लैट में रहते हैं रविंद्र
रविंद्र कुमार दिवाकर करीब एक साल से पटना में एडीएम सप्लाई के पद पर तैनात हैं. इससे पहले वह गया में एसडीएम और सारण में डीपीआरओ के पद पर रह चुके हैं.
वर्तमान में वह दानापुर के रूपसपुर थाना क्षेत्र में नहर रोड स्थित कश्यप ग्रीनसिटी के एक अपार्टमेंट में किराये के फ्लैट में रहते हैं. इसी अपार्टमेंट में उन्होंने पेंटा हाउस समेत दो फ्लैट भी खरीदे हैं, जिनमें मेंटेनेंस का काम चल रहा है.
विजिलेंस केस में 1.06 करोड़ से ज्यादा की आय से अधिक संपत्ति
ब्यूरो के मुताबिक, आय से अधिक संपत्ति से जुड़े मामले में एक करोड़ 6 लाख 85 हजार 900 रुपये की संपत्ति का पता चला है. तलाशी के दौरान नकद, जेवर और अन्य चल-अचल संपत्ति से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं.
विजिलेंस के अनुसार, तलाशी में बरामद नकदी और अन्य संपत्तियों से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर आय से अधिक संपत्ति से जुड़े मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है.
इसे भी पढ़ें-



