विज्ञापन

वायरल वीडियो

पूर्णिया में पति की हत्या के बाद बोरे में बंद कर शव फेंका, पत्नी ने थाने पहुंचकर किया सरेंडर

Bihar Crime News : पूर्णिया के कसबा में पति की हत्या के बाद शव बोरे में बंद कर अमौर थाना क्षेत्र में फेंके जाने का मामला सामने आया है. मामले में मृतक की पत्नी ने केहाट थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण किया है. पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है और एफएसएल टीम भी जांच में जुटी है.

विज्ञापन

Bihar Crime News : पूर्णिया जिले में बुधवार को सामने आए एक हत्याकांड ने पुलिस को भी उलझन में डाल दिया. कसबा थाना क्षेत्र के राधानगर वार्ड नंबर 9 निवासी 47 वर्षीय उमेश सिंह की हत्या के बाद उसका शव बोरे में बंद कर अमौर थाना क्षेत्र में फेंक दिया गया. बाद में उसकी पत्नी 40 वर्षीया सुनीता देवी पूर्णिया शहर के केहाट थाना पहुंची और आत्मसमर्पण कर दिया. इसके बाद कसबा, अमौर और केहाट थाना की पुलिस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुट गई. मृतक उमेश सिंह, जवाहर सिंह का पुत्र था. उसका शव अमौर थाना क्षेत्र के पलसा घाट के पास सड़क किनारे बोरे में बंद हालत में बरामद किया गया. पुलिस ने पत्नी को हिरासत में लेकर प्रेम प्रसंग समेत अन्य सभी बिंदुओं पर पूछताछ शुरू कर दी है.

केहाट थाना पहुंचकर पत्नी ने किया आत्मसमर्पण

उमेश सिंह की हत्या और शव ठिकाने लगाने के बाद आरोपी पत्नी सुनीता देवी बुधवार को पूर्णिया शहर के केहाट थाना पहुंची. वहां उसने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करते हुए कहा कि उसने अपने पति की हत्या कर दी है और उसे जेल भेज दिया जाए. यह सुनते ही केहाट थाना पुलिस चौंक गई. पूरे मामले की जानकारी लेने के बाद केहाट थाना पुलिस ने आरोपी महिला को कसबा पुलिस के हवाले कर दिया.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

कसबा थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन ने बताया कि शव अमौर थाना क्षेत्र से बरामद हुआ है, इसलिए मामला अमौर थाना में ही दर्ज किया जाएगा. उन्होंने कहा कि आरोपी महिला से यह पूछताछ की जा रही है कि हत्या करने और शव को ठिकाने लगाने में उसे किन-किन लोगों ने मदद की. वहीं अमौर थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम घटनास्थल पर पहुंची है और राधानगर, कसबा स्थित गांव में भी जाकर कुछ साक्ष्य एकत्र किए गए हैं. मामले की गहराई से जांच जारी है.

सुबह बेटे ने घर में देखा खून, पिता नहीं मिले

घटना की रात राधानगर वार्ड नंबर 9 स्थित घर में केवल उमेश सिंह और उसकी पत्नी सुनीता देवी ही मौजूद थे. परिवार के दो बेटे बंगलुरु में रहते हैं, जबकि छोटा बेटा पीयूष अपने चाचा के घर में सोया था. बुधवार सुबह जब पीयूष कुमार घर पहुंचा तो उसने देखा कि उसके पिता के कमरे, फर्श, बरामदे और घर के कई हिस्सों में खून के धब्बे फैले हुए थे. तकिए समेत कई सामान भी खून से सने हुए थे, लेकिन उसके पिता घर में नहीं मिले.

घटना की सूचना स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कसबा पुलिस को दी. इसके बाद सदर एसडीपीओ टू राजेश कुमार, कसबा थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन, बीडीओ मधु कुमारी, अपर थानाध्यक्ष संजना प्रसाद सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आसपास के इलाके में गहन छानबीन की.

रात 12 बजे से सुबह 4 बजे के बीच वारदात की आशंका

मृतक के बड़े भाई महेश सिंह ने बताया कि वे रात करीब 12 बजे परिवार के साथ एक धार्मिक कार्यक्रम देखकर घर लौटे थे. इसके बाद सुबह करीब 4 बजे वे दोबारा पूजा-पाठ के लिए घर से निकल गए. जब वे सुबह लगभग 6:30 बजे लौटे तो उनके भतीजे ने घर में खून फैला होने की जानकारी दी.

उन्होंने बताया कि इसके बाद घर जाकर देखने पर आंगन और शौचालय के सेप्टिक टैंक के पास भारी मात्रा में खून मिला. टंकी का ढक्कन भी खुला हुआ था और उसमें कुछ कपड़े तथा कंबल जैसी चीजें दिखाई दीं. कुछ घंटे बाद सूचना मिली कि उमेश सिंह का शव अमौर थाना क्षेत्र में बोरे में बंद हालत में बरामद हुआ है.

50 हजार रुपये को लेकर चल रहा था विवाद

मृतक के बड़े भाई महेश सिंह के अनुसार उमेश सिंह और उसकी पत्नी सुनीता देवी के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था. उन्होंने कहा कि विवाद की मुख्य वजह 50 हजार रुपये की राशि थी. उनके अनुसार जब उमेश ने अपनी पत्नी से उस रकम के बारे में पूछा तो उसने कर्ज चुकाने की बात कही, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद और बढ़ गया.

पत्नी पर अवैध संबंध का भी आरोप

महेश सिंह के अनुसार उमेश सिंह की शादी को करीब 20 वर्ष हो चुके थे. उन्होंने आरोप लगाया कि सुनीता देवी पिछले चार-पांच दिनों से घर में नहीं रह रही थी. साथ ही उनका आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति से उसका अवैध संबंध था. उन्होंने कहा कि उक्त व्यक्ति का उसके घर आना-जाना भी था.

पलसा पुल के नीचे बोरे में बंद शव मिलने से मची सनसनी

अमौर थाना क्षेत्र के पलसा पुल के नीचे नदी किनारे बोरे में बंद शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. स्थानीय लोगों की सूचना पर अमौर थानाध्यक्ष अवधेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और परिजनों को इसकी सूचना दी. परिजनों ने शव की पहचान उमेश सिंह के रूप में की. इसके बाद कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.

इसे भी पढ़ें-नवगछिया में STF-पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कुख्यात मुकेश यादव समेत 2 गिरफ्तार

इसे भी पढ़ें-नशा करने से रोका तो युवक की कर दी पिटाई, इलाज के दौरान मौत से मथुरापुर में मातम

इसे भी पढ़ें-औरंगाबाद में चाचा ने दो भतीजों और एक भतीजी का गला काटा, खुद भी दी जान

इसे भी पढ़ें-भागलपुर में पुलिस ने सेक्स रैकेट का किया पर्दाफाश

इसे भी पढ़ें-राजमहल में ज्वेलर से हथियार के बल पर लूट, घर लौटते वक्त बदमाशों ने घेरा; फायरिंग से दहशत

सोनी कुमारी
सोनी कुमारी
सोनी कुमारी डिजिटल मीडिया क्षेत्र में सक्रिय पत्रकार हैं और Hellocities24 में ऑथर के रूप में कार्यरत हैं. बिहार समेत देशभर की ताजा खबरों, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक मुद्दों पर लेखन करती हैं. सरल भाषा और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग पहचान मानी जाती है. डिजिटल पत्रकारिता में समाचार लेखन और कंटेंट प्रेजेंटेशन का अच्छा अनुभव है. पाठकों तक तेज और भरोसेमंद खबरें पहुंचाना प्रमुख उद्देश्य है.
संबंधित खबरें
विज्ञापन

जरूर पढ़ें

Patna
overcast clouds
37.2 ° C
37.2 °
37.2 °
40%
2.7m/s
89%
बुध
37 °
गुरु
39 °
शुक्र
39 °
शनि
40 °
रवि
39 °

अन्य खबरें