इस खबर में क्या है?
Bihar IPS Transfer: बिहार में नई सरकार के गठन के बाद प्रशासनिक स्तर पर बदलावों का सिलसिला तेज हो गया है. इसी कड़ी में राज्य सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल करते हुए 16 आईपीएस अधिकारियों के तबादले का आदेश जारी किया है. कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को महत्वपूर्ण विभागों में तैनाती दी गई है.
विकास वैभव को मगध क्षेत्र की कमान
सरकार ने चर्चित आईपीएस अधिकारी विकास वैभव को मगध क्षेत्र का नया आईजी नियुक्त किया है. उनकी पोस्टिंग गया में होगी. वहीं, अब तक इस पद पर कार्यरत क्षत्रनील सिंह को पटना स्थानांतरित कर गृह विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है. प्रशासनिक हलकों में विकास वैभव की नई जिम्मेदारी को अहम माना जा रहा है.
पुलिस मुख्यालय में कई बड़े बदलाव
वरिष्ठ स्तर पर हुए फेरबदल में एडीजी डॉ. परेश सक्सेना को डीजी असैनिक सुरक्षा आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है. वहीं डॉ. निर्मल आजाद को डीजी प्रशिक्षण नियुक्त किया गया है.
एडीजी ट्रैफिक सुधांशु कुमार को अतिरिक्त जिम्मेदारी देते हुए विधि-व्यवस्था का भी प्रभार सौंपा गया है. आर्थिक अपराध इकाई की कमान अब डॉ. अमित कुमार जैन संभालेंगे, जबकि नैयर हसनैन खान को एडीजी बी-सैप बनाया गया है.
साइबर अपराध और तकनीकी सेवाओं पर फोकस
राज्य सरकार ने आधुनिक पुलिसिंग और साइबर सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से कई अहम नियुक्तियां की हैं. आईपीएस अमित लोढ़ा को एडीजी तकनीकी सेवाएं एवं संचार बनाया गया है.
इसके अलावा अमृत राज को साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई का एडीजी नियुक्त किया गया है. माना जा रहा है कि बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए सरकार इस क्षेत्र को अधिक मजबूत करना चाहती है.
डॉ. कमल किशोर सिंह को एडीजी रेलवे की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि अजिताभ कुमार को एडीजी एससीआरबी एवं आधुनिकीकरण बनाया गया है.
आईजी और डीएसपी स्तर पर भी तबादले
तबादला सूची में कई अन्य अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं. केएस अनुपम को एडीजी सीआईडी की जिम्मेदारी सौंपी गई है. वहीं पी. कन्नन को आईजी प्रोविजनिंग, रंजीत कुमार मिश्रा को आईजी सीआईडी और संजय कुमार को आईजी विशेष शाखा बनाया गया है.
बिहार पुलिस सेवा के अधिकारी विवेक दीप का भी तबादला किया गया है. बेतिया सदर एसडीपीओ के पद पर तैनात रहे विवेक दीप अब विशेष सुरक्षा दल में डीएसपी के रूप में अपनी सेवाएं देंगे.
इसे भी पढ़ें-पटना मेट्रो का पहला इंटरचेंज स्टेशन तेजी से तैयार, दो प्रमुख कॉरिडोर होंगे आपस में कनेक्ट
इसे भी पढ़ें-पटना में BPSC TRE-4 विज्ञापन को लेकर अभ्यर्थियों का उग्र प्रदर्शन, भारी पुलिस तैनाती
इसे भी पढ़ें-पटना जंक्शन पर 100 करोड़ से बनेगा विशाल वेटिंग हॉल, यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

