Dhanbad News: धनबाद के महुदा थाना क्षेत्र में सड़क किनारे झाड़ियों से एक बुजुर्ग का शव मिलने के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है. पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 65 वर्षीय शेख हलीम के रूप में हुई है. उनका शव कुलटांड मुख्य सड़क के पास झाड़ियों में मिला था, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया था.
घटना की सूचना मिलने पर महुदा थाना पुलिस और विशेष जांच टीम (एसआईटी) मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने विभिन्न पहलुओं पर पड़ताल की और कुछ अहम सुराग हाथ लगे.
संपत्ति विवाद और नाराजगी बनी हत्या की वजह
बाघमारा डीएसपी अजीत कुमार बिमल ने प्रेसवार्ता में बताया कि जांच के दौरान यह बात सामने आई कि शेख हलीम और उनके बेटे के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था. मृतक अपने बेटे की देखभाल से संतुष्ट नहीं थे और कई बार उसे संपत्ति से बेदखल करने की बात कह चुके थे.
पुलिस के मुताबिक, इसी बात को लेकर बेटे के मन में नाराजगी थी. आरोप है कि उसने अपने कुछ परिचितों के साथ मिलकर पिता की हत्या की योजना बनाई और उसे अंजाम दिया.
घटनास्थल से मिले अहम सबूत
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए. इनमें एक खून से सना टी-शर्ट शामिल है, जिसे जांच में अहम माना जा रहा है. इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल होने का संदेह जिस मोटरसाइकिल पर है, उसे भी पुलिस ने जब्त कर लिया है.
अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा किया गया. पुलिस का कहना है कि हत्या की साजिश में शामिल अन्य लोगों की पहचान भी की जा चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
कई आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
जांच अधिकारियों का कहना है कि मामले में एक से अधिक लोगों की संलिप्तता सामने आई है. पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है. जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
पुलिस ने दावा किया है कि घटना के सामने आने के कुछ घंटों के भीतर ही महत्वपूर्ण सुराग जुटाकर पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर लिया गया, जिससे मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ सकी.
इसे भी पढ़ें-

