Ramgarh News: रामगढ़ जिले के गोला थाना क्षेत्र स्थित साडम गांव में गुरुवार रात एक शादी समारोह अचानक विवाद में बदल गया. पूरे रीति-रिवाज के साथ शुरू हुआ विवाह कार्यक्रम उस समय रुक गया, जब जयमाला के बाद दुल्हन अचानक गायब हो गई. काफी खोजबीन के बाद भी युवती का पता नहीं चला, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया और आखिरकार बारात बिना शादी के वापस लौट गई.
धूमधाम से हुआ बारात का स्वागत
जानकारी के मुताबिक साडम गांव की एक युवती का विवाह दुलमी प्रखंड के ब्यांग गांव निवासी युवक से तय हुआ था. तय कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार रात बारात बैंड-बाजे के साथ लड़की के घर पहुंची. वधू पक्ष ने पारंपरिक तरीके से बारातियों का स्वागत किया और शादी की शुरुआती रस्में भी पूरी कराई गईं.
झारखंड की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
जयमाला के बाद शादी समारोह सामान्य तरीके से आगे बढ़ रहा था. मेहमानों के भोजन और अन्य कार्यक्रम भी जारी थे.
मंडप में इंतजार करता रहा दूल्हा
देर रात विवाह की मुख्य रस्म शुरू होने वाली थी. दूल्हा मंडप में बैठ चुका था और पंडित द्वारा दुल्हन को बुलाने के लिए कहा गया. काफी समय बीतने के बाद भी जब दुल्हन नहीं पहुंची तो परिवार के लोग उसे खोजने लगे.
कुछ देर बाद परिजनों को पता चला कि युवती घर में मौजूद नहीं है. यह खबर मिलते ही शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई. रिश्तेदार और ग्रामीण अलग-अलग जगहों पर उसकी तलाश में जुट गए, लेकिन सुबह तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी.
खर्च और शादी टूटने को लेकर बढ़ा विवाद
दुल्हन के गायब होने की सूचना मिलते ही वर पक्ष के लोगों ने नाराजगी जताई. उनका कहना था कि शादी की तैयारियों में काफी खर्च हुआ है और अब इस स्थिति से उन्हें सामाजिक व आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है.
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच देर रात तक बहस होती रही. माहौल तनावपूर्ण होने लगा तो गांव के बुजुर्गों और स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप किया.
रातभर चली पंचायत, नहीं निकला समाधान
ग्रामीणों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिश की गई. देर रात तक पंचायत का दौर चलता रहा, लेकिन युवती का कोई सुराग नहीं मिलने से मामला सुलझ नहीं सका. अंततः सुबह बारात वापस लौट गई.
पुलिस के पास पहुंचे दोनों पक्ष
शुक्रवार सुबह दोनों परिवार गोला थाना पहुंचे. लड़की पक्ष ने युवती के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई, जबकि लड़के पक्ष ने शादी टूटने और खर्च से जुड़े मुद्दों को पुलिस के सामने रखा.
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और युवती की तलाश की जा रही है. आसपास के इलाकों में भी जानकारी जुटाई जा रही है.
इसे भी पढ़ें-झारखंड में बालू कारोबार पर सख्ती, बिना चालान पकड़े गये तो देना होगा 5 लाख का जुर्माना

