इस खबर में क्या है?
Petrol Diesel Price : पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच केंद्र सरकार ने ईंधन और विदेशी मुद्रा को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. सरकार की ओर से साफ किया गया है कि फिलहाल देश में पेट्रोलियम उत्पादों की कोई कमी नहीं है, लेकिन वैश्विक परिस्थितियों के आधार पर आगे फैसले लिए जाएंगे.
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री ने उद्योग जगत के कार्यक्रम में कहा कि पिछले चार वर्षों के दौरान सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी नहीं की, लेकिन भविष्य के फैसले पूरी तरह अंतरराष्ट्रीय हालात और जरूरतों पर निर्भर करेंगे. उन्होंने कहा कि सरकार लगातार बदलते वैश्विक संकटों को ध्यान में रखकर रणनीति तैयार कर रही है.
देश में ईंधन का पर्याप्त भंडार.
मंत्री ने भरोसा दिलाया कि देश के पास ऊर्जा संसाधनों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है. उनके मुताबिक कच्चे तेल और एलएनजी का करीब 69 दिनों का भंडार उपलब्ध है, जबकि एलपीजी का स्टॉक लगभग 45 दिनों के लिए पर्याप्त है. उन्होंने कहा कि सप्लाई चेन पूरी तरह सामान्य है और किसी तरह की घबराहट की जरूरत नहीं है.
एलपीजी उत्पादन में बढ़ोतरी.
सरकार ने पश्चिम एशिया में जारी तनाव को देखते हुए घरेलू स्तर पर एलपीजी उत्पादन भी बढ़ाया है. जानकारी के अनुसार प्रतिदिन उत्पादन क्षमता को लगभग 35-36 हजार टन से बढ़ाकर 54 हजार टन तक पहुंचा दिया गया है, ताकि भविष्य में किसी तरह की परेशानी न हो.
पीएम मोदी ने लोगों से की बचत की अपील.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों से ईंधन और खर्च को लेकर संयम बरतने की अपील की है. उन्होंने कहा कि सरकार लगातार कोशिश कर रही है कि अंतरराष्ट्रीय संकट का असर आम लोगों पर कम पड़े, लेकिन नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है.
प्रधानमंत्री ने लोगों से फिलहाल गैरजरूरी विदेश यात्राएं टालने, सोने की खरीद में सावधानी बरतने और ईंधन की खपत कम करने का आग्रह किया. उन्होंने मेट्रो, कारपूलिंग और इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की बात कही.
रेलवे और वर्क फ्रॉम होम पर जोर.
पीएम मोदी ने कहा कि पार्सल और माल ढुलाई के लिए रेलवे का ज्यादा इस्तेमाल किया जाना चाहिए, ताकि ईंधन की बचत हो सके. साथ ही उन्होंने कंपनियों और कर्मचारियों को जरूरत पड़ने पर ‘वर्क फ्रॉम होम’ अपनाने की सलाह भी दी. उनका कहना था कि इससे विदेशी मुद्रा की बचत होगी और अर्थव्यवस्था पर दबाव कम पड़ेगा.
इसे भी पढ़ें-सरदार गौरव रत्न सम्मान मिलने के बाद PM मोदी की अपील, बोले- अभी टाल दें सोना खरीदना
इसे भी पढ़ें-युद्ध के असर से बचने के लिए संयम बरतें, 1 साल तक सोना न खरीदने की अपील

