इस खबर में क्या है?
Amrit Bharat Express : राजस्थान और बिहार के यात्रियों के लिए बड़ी सौगात देते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जयपुर (खातीपुरा)-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस सेवा का शुभारंभ किया. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इस कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए. इसी अवसर पर खातीपुरा में बने मेगा कोचिंग टर्मिनल और विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर विकसित नई यात्री सुविधाओं का भी उद्घाटन किया गया.
रेल मंत्री ने गिनाईं नई परियोजनाओं की उपलब्धियां
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नई ट्रेन राजस्थान और मिथिलांचल के बीच सांस्कृतिक तथा सामाजिक जुड़ाव को मजबूत करेगी. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार रेलवे नेटवर्क के विस्तार और आधुनिकरण पर लगातार काम कर रही है. इस दौरान उन्होंने खाटूश्याम आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुंदरपुरा स्टेशन विकसित करने की घोषणा भी की.
Video: पेरिस में पीएम मोदी के स्वागत के दौरान गूंजा ‘केम छो’, देखिए खास पल
रेल मंत्री ने बताया कि खातीपुरा में बना मेगा कोचिंग टर्मिनल देश का पहला ऐसा आधुनिक केंद्र है, जहां बड़ी संख्या में ट्रेनों का अनुरक्षण एक ही स्थान पर किया जा सकेगा. इससे जयपुर क्षेत्र से अधिक रेल सेवाओं के संचालन का रास्ता भी खुलेगा.
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जताया आभार
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि यह नई रेल सेवा दोनों राज्यों के लाखों यात्रियों के लिए उपयोगी साबित होगी. उन्होंने कहा कि लंबे समय से जयपुर और दरभंगा के बीच बेहतर रेल संपर्क की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी हो गई है. मुख्यमंत्री ने रेलवे के बुनियादी ढांचे में हो रहे निवेश और विकास कार्यों की भी सराहना की.
बिहार के यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि नई ट्रेन विशेष रूप से उन लोगों के लिए लाभदायक होगी जो रोजगार, शिक्षा और अन्य कारणों से राजस्थान और बिहार के बीच यात्रा करते हैं. उन्होंने रेलवे मंत्रालय का आभार जताते हुए कहा कि हाल के वर्षों में बिहार को कई नई रेल सेवाओं की सौगात मिली है.
हॉर्मुज स्ट्रेट पार कर आगे बढ़े भारत के 3 तेल टैंकर, लाखों टन कच्चा तेल लेकर लौट रहे जहाज
खातीपुरा में विकसित हुआ आधुनिक मेगा कोचिंग टर्मिनल
रेलवे ने खातीपुरा स्टेशन पर करीब 205 करोड़ रुपये की लागत से मेगा कोचिंग टर्मिनल विकसित किया है. यहां वंदे भारत सहित विभिन्न श्रेणी की ट्रेनों के रेक का अनुरक्षण किया जा सकेगा. नई लाइनों, वॉशिंग पिट और अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस यह केंद्र भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है.
छोटे स्टेशनों पर भी बढ़ीं यात्री सुविधाएं
रेलवे ने उत्तर पश्चिम रेलवे के कई छोटे और मध्यम श्रेणी के स्टेशनों पर भी यात्री सुविधाओं का विस्तार किया है. प्लेटफॉर्म उन्नयन, विस्तार और आधुनिक सूचना प्रणाली जैसी सुविधाओं के जरिए यात्रियों को बेहतर अनुभव देने की दिशा में काम किया गया है. रेलवे का मानना है कि इन परियोजनाओं से क्षेत्रीय संपर्क मजबूत होगा और यात्रियों को अधिक सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध होगी.
इसे भी पढ़ें-

