Jehanabad News: जहानाबाद जिले के काको नगर पंचायत क्षेत्र में सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब सूर्य मंदिर के पास स्थित एक तालाब से युवक का शव बरामद किया गया. घटना की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गयी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
पटना से ससुराल आया था युवक
मृत युवक की पहचान पटना जिले के फुलवारी शरीफ निवासी रोहन पासवान के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह कुछ दिनों से काको स्थित अपने ससुराल में रह रहा था. सोमवार को अचानक तालाब में शव मिलने की सूचना से परिवार में मातम छा गया.
परिजनों ने जतायी हत्या की आशंका
घटना के बाद परिजनों ने युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जतायी है. उनका कहना है कि रोहन का किसी से कोई विवाद नहीं था. ऐसे में तालाब में शव मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है. परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाये हैं. थानाध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कुछ भी स्पष्ट नहीं कहा जा सकता.
उन्होंने कहा कि युवक की मौत डूबने से हुई या इसके पीछे कोई और वजह है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है.
इलाके में चर्चा और तनाव का माहौल
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गयी हैं. स्थानीय लोग इस घटना को लेकर चिंतित नजर आये. वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
इसे भी पढ़ें-बिहार सरकार का बड़ा निर्णय, निगरानी विभाग खत्म, पुलिस सेवा में होगा समावेश
इसे भी पढ़ें–पटना मेट्रो का पहला इंटरचेंज स्टेशन तेजी से तैयार, दो प्रमुख कॉरिडोर होंगे आपस में कनेक्ट

