Bihar Assistant Professor Recruitment: बिहार में असिस्टेंट प्रोफेसर बनने का सपना देख रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है. राज्य के डिग्री कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में वर्षों से खाली पड़े शिक्षकों के पद अब भरने की तैयारी अंतिम चरण में है. बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग (BSUSC) ने सितंबर से नियमित असिस्टेंट प्रोफेसरों की भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का ऐलान किया है. इस अभियान के तहत राज्यभर में 9,500 से अधिक पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी.
211 डिग्री कॉलेजों में 2,532 पदों पर होगी बहाली
BSUSC के अध्यक्ष गिरीश कुमार चौधरी ने बताया कि पहले चरण में राज्य के 211 डिग्री कॉलेजों में 2,532 नियमित असिस्टेंट प्रोफेसरों की नियुक्ति होगी. सरकार ने रिक्त पदों का रोस्टर तैयार कर आयोग को उपलब्ध करा दिया है, जिसके आधार पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
बैंक ऑफिसर बनने के लिए आवेदन करने का आखिरी मौका, 8,400 पदों पर भर्ती
छह विषयों में दोबारा निकलेगी भर्ती
आयोग के मुताबिक, पिछली भर्ती प्रक्रिया के बाद भी कुछ विषयों में पर्याप्त अभ्यर्थी नहीं मिलने से पद खाली रह गए थे. ऐसे छह विषयों में फिर से विज्ञापन जारी किया जाएगा, ताकि सभी रिक्तियों को भरा जा सके और शिक्षकों की कमी दूर हो.
Bihar Assistant Professor Recruitment: विश्वविद्यालयों में भी मिलेगी बड़ी सौगात
डिग्री कॉलेजों के अलावा राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों में भी करीब 7,000 असिस्टेंट प्रोफेसरों की नियुक्ति की जाएगी. कुलाधिपति के निर्देश के बाद भर्ती से जुड़े नियम और स्टैच्यूट तैयार कर लिए गए हैं. इससे विश्वविद्यालयों में नियमित नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है.
इंटर पास युवाओं के लिए JSSC में नौकरी का मौका, जानिए कब से भरना है फॉर्म
लिखित परीक्षा होगी अनिवार्य
नियमित असिस्टेंट प्रोफेसर बनने के लिए अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा देनी होगी. परीक्षा के बाद इंटरव्यू और अन्य निर्धारित प्रक्रियाओं के आधार पर अंतिम मेरिट तैयार की जाएगी. आयोग का कहना है कि पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी और मेरिट आधारित होगी.
10 अगस्त से कॉलेजों में पढ़ाएंगे संविदा शिक्षक
स्थायी भर्ती पूरी होने तक कॉलेजों में पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए संविदा असिस्टेंट प्रोफेसरों की नियुक्ति भी लगभग पूरी हो चुकी है. आयोग के अनुसार चयनित संविदा शिक्षक 10 अगस्त से कॉलेजों में योगदान देकर शिक्षण कार्य शुरू करेंगे.
रोजगार और शिक्षा, दोनों को मिलेगा फायदा
बिहार में लंबे समय से उच्च शिक्षा संस्थानों में शिक्षकों की कमी एक बड़ी चुनौती रही है. अब हजारों पदों पर होने वाली भर्ती से न सिर्फ कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भी रोजगार का बड़ा अवसर खुलेगा. आयोग ने अभ्यर्थियों से कहा है कि वे आवेदन, योग्यता, परीक्षा पैटर्न और अन्य अपडेट के लिए BSUSC की आधिकारिक सूचनाओं पर नियमित नजर बनाए रखें.



