Bhagalpur Flood : गंगा का पानी बढ़ा तो शंकरपुर के चवन्नियां दियारा के ग्रामीणों ने घर-बार छोड़ दिया. परिवार और मवेशियों को लेकर नाव के सहारे सराय स्थित टीएनबी कॉलेजिएट मैदान पहुंचे, लेकिन सुरक्षित ठिकाने की तलाश यहां भी आसान नहीं रही. पार्क निर्माण का हवाला देकर मैदान का मुख्य गेट बंद कर दिया गया, जिसके बाद बाढ़ विस्थापित ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया और मौके पर हंगामा होने लगा.
ग्रामीणों की परेशानी की जानकारी मिलते ही जगदीशपुर बीडीओ, सीओ और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया. इसके बाद नगर आयुक्त के निर्देश पर संवेदक की सुरक्षा संबंधी चिंताओं को ध्यान में रखते हुए कुछ शर्तों के साथ बाढ़ विस्थापितों को मैदान में रहने की अनुमति दी गयी.
भागलपुर में दवा कारोबारी के बेटे की हत्या में 2 को उम्रकैद, हथियार छिपाने वाले को 7 साल
अतिक्रमण प्रभारी जय प्रकाश यादव ने बताया कि नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर विवाद की मध्यस्थता के लिए वे मौके पर पहुंचे थे. बाढ़ पीड़ितों की परेशानी सुनने के बाद उन्हें सशर्त मैदान में रहने की अनुमति दी गयी.
घर डूबे तो नाव से लेकर पहुंचे परिवार और मवेशी
शंकरपुर के चवन्नियां दियारा में गंगा का जलस्तर अचानक बढ़ने के बाद देखते ही देखते पूरा गांव पानी से घिर गया. हालात बिगड़ने पर ग्रामीणों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर जाना पड़ा.
विस्थापित परिवार नावों के जरिए अपने बच्चों, परिवार के सदस्यों और मवेशियों को लेकर सराय पहुंचे. टीएनबी कॉलेजिएट मैदान को ठिकाना समझकर पहुंचे ग्रामीणों को गेट बंद मिलने के बाद एक नई परेशानी का सामना करना पड़ा.
इन शर्तों पर मैदान में रह सकेंगे बाढ़ विस्थापित
विवाद खत्म होने के बाद ग्रामीणों को मैदान में रहने की अनुमति दी गयी, लेकिन पार्क निर्माण को देखते हुए कुछ नियम तय किये गये हैं. बाढ़ विस्थापितों को इन शर्तों का पालन करना होगा:
- पार्क निर्माण कार्य किसी भी तरह प्रभावित नहीं करेंगे.
- पार्क निर्माण में रखी सामग्री को अस्त-व्यस्त नहीं होने देंगे और उसकी चोरी नहीं होने देंगे.
- निर्माण कार्य को किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचायेंगे.
- मैदान में पहुंची निगम की राहत व्यवस्था
मैदान में रहने की अनुमति मिलने के बाद नगर निगम ने बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था शुरू कर दी है. अतिक्रमण दस्ता प्रभारी जयप्रकाश यादव के अनुसार, ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल से लिखित सहमति भी ली गयी है.
नवगछिया में शंकरपुर का 100 साल पुराना चैती दुर्गा मंदिर गंगा में समाया, कटाव ने मिटाई धार्मिक विरासत
निगम की ओर से मौके पर पेयजल का टैंकर पहुंचाया गया है. मच्छरों से बचाव के लिए फॉगिंग शुरू करायी गयी है. महिला और पुरुषों के लिए पांच-पांच सीट वाले शौचालय की व्यवस्था की गयी है. सफाई का काम शनिवार से शुरू कराया जायेगा.
बारिश से बचाने के लिए मैदान में लगेंगे टेंट
बाढ़ विस्थापितों को खुले मैदान में रहने के दौरान बारिश की परेशानी न हो, इसके लिए टेंट भी लगाये जायेंगे. अधिकारियों के अनुसार, जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए खाना-पीना और अन्य जरूरी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराये जाने की उम्मीद है.
बाढ़ के कारण घर छोड़कर निकले इन परिवारों के लिए अब टीएनबी कॉलेजिएट मैदान अस्थायी ठिकाना बना है. प्रशासन और नगर निगम की ओर से यहां रहने वाले लोगों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है.
इसे भी पढ़ें-



