इस खबर में क्या है?
Babarganj Power Crisis : भागलपुर शहर के बबरगंज में चार दिनों से बिजली आपूर्ति ठप रहने की वजह केवल ट्रांसफॉर्मर का जलना नहीं रही. नया ट्रांसफॉर्मर लगाने के बाद भी मोहल्ले के एक हिस्से में तार नहीं जुड़ पाने से संकट बना रहा. रविवार को इसी परेशानी से नाराज लोगों ने मिरजानहाट-अलीगंज रोड को जाम कर दिया. बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा और बच्चे सड़क पर पहुंचे और बांस-बल्ला लगाकर वाहनों की आवाजाही रोक दी. आक्रोशित लोगों ने टायर जलाकर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की.
अमरेंद्र कुमार यादव को बर्खास्त करने का आदेश, पहले करायी थी FIR फिर खुद बने घोटाले के आरोपी
सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक चले प्रदर्शन के कारण सड़क पर यातायात प्रभावित रहा. लोगों का कहना था कि लगातार चार दिन बिजली नहीं रहने से घरों में पीने के पानी की समस्या खड़ी हो गयी थी और सामान्य कामकाज के साथ बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही थी.
पहले जला ट्रांसफॉर्मर, फिर दूसरा भी खराब
मोजाहिदपुर विद्युत सब डिवीजन के सहायक अभियंता प्रणव मिश्रा ने बताया कि इलाके का ट्रांसफॉर्मर जल गया था. इसके बाद दूसरा ट्रांसफॉर्मर लगाया गया, लेकिन वह भी जल गया. विभाग ने इसके बाद नया ट्रांसफॉर्मर लगाया. लगातार ट्रांसफॉर्मर जलने के बाद विभाग के सामने लोड को नियंत्रित रखने की चुनौती थी.
लोड कम करने के लिए दूसरे ट्रांसफॉर्मर पर किया शिफ्ट
सहायक अभियंता के अनुसार, नये ट्रांसफॉर्मर पर दोबारा अधिक लोड पड़ने से उसके जलने की आशंका को देखते हुए मोहल्ले के कुछ हिस्से के उपभोक्ताओं को दूसरे ट्रांसफॉर्मर पर शिफ्ट किया गया. इसके बाद उस हिस्से की बिजली आपूर्ति के लिए तार जोड़ा जाना था, लेकिन इसी काम में बाधा आ गयी.
ग्रामीणों की जानकारी के बिना 72 सिम जारी, साइबर अपराधियों तक पहुंचाने का आरोप
तार जोड़ने को लेकर बनी रही रुकावट
विभाग के अनुसार, कुछ लोगों की गुटबाजी के कारण शिफ्ट किये गये हिस्से का तार जोड़ने नहीं दिया गया. इस वजह से मोहल्ले के उस हिस्से में कनेक्शन रहने के बावजूद बिजली चालू नहीं हो सकी. चार दिन तक बिजली नहीं मिलने से लोगों की परेशानी बढ़ती गयी और रविवार को उनका गुस्सा सड़क पर आ गया.
पुलिस की मौजूदगी में हुआ कनेक्शन
सड़क जाम की सूचना मिलने पर नगर विधायक रोहित पांडे और बबरगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. लोगों को समझाने के साथ बिजली विभाग के कर्मचारी को भी बुलाया गया. पुलिस की मौजूदगी में शिफ्ट किये गये हिस्से के तार को दूसरे ट्रांसफॉर्मर से जोड़ दिया गया. इसके बाद बिजली आपूर्ति शुरू हो गयी.
बिजली आते ही खत्म हुआ प्रदर्शन
कनेक्शन जुड़ने के बाद प्रभावित मोहल्ले में बिजली मिलने लगी. इसके साथ ही प्रदर्शन कर रहे लोगों का आक्रोश भी शांत हो गया. करीब तीन घंटे तक सड़क पर प्रदर्शन के बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया और वापस लौट गये.
इसे भी पढ़ें-


