Bank Strike: देशभर में 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल से पहले ग्राहकों के लिए राहत की खबर है. हड़ताल के दौरान बैंकिंग सेवाओं पर असर की आशंका को देखते हुए 27 सितंबर रविवार को बैंक शाखाओं को खोलने की अनुमति दी गयी है. भारतीय रिजर्व बैंक ने इंडियन बैंक एसोसिएशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को पत्र जारी कर शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम-लिंक शाखाओं और करेंसी चेस्ट को रविवार को चालू रखने की अनुमति दी है.
केंद्र सरकार के अनुसार, इसका उद्देश्य हड़ताल के दौरान ग्राहकों को लंबे समय तक बैंकिंग सेवाओं में होने वाली परेशानी से राहत देना है.
इसे भी पढ़ें-पटना यूनिवर्सिटी की सेंट्रल लाइब्रेरी रात 10 बजे तक खुलेगी, छात्रों को राहत
Bank Strike : 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित है हड़ताल
सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर देशभर के बैंक कर्मचारी 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल की तैयारी में हैं. ऐसे में लगातार तीन दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की संभावना है. हड़ताल से ठीक पहले रविवार को शाखाएं खुली रखने का फैसला ग्राहकों को अतिरिक्त बैंकिंग दिवस उपलब्ध कराएगा.
22 सितंबर की वार्ता में नहीं बनी सहमति
हड़ताल को टालने के लिए 22 सितंबर को केंद्रीय श्रम मंत्रालय के मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय) की अध्यक्षता में सुलह बैठक हुई थी. इसमें यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस, वित्तीय सेवा विभाग और इंडियन बैंक्स एसोसिएशन के प्रतिनिधि शामिल हुए. हालांकि बैठक में कोई ठोस सहमति नहीं बन सकी और वार्ता के बाद दोनों पक्ष अपने पुराने रुख पर कायम रहे.
पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था की मांग पर अटका मामला
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस का कहना है कि आठ मार्च 2024 के संयुक्त नोट में सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने पर सहमति बनी थी. हालांकि इसे लागू करने की समय-सीमा तय नहीं हुई है. यूनियनों के अनुसार, जनवरी 2026 से इस मुद्दे पर विचार-विमर्श की बात कही जा रही है, लेकिन अब तक कोई निर्णय नहीं हुआ है.
यूनियनों का तर्क है कि महीने में दो शनिवार की छुट्टी पहले से मिलती है. बाकी दो शनिवार को भी छुट्टी देने के बदले सोमवार से शुक्रवार तक कामकाजी समय बढ़ाकर इसकी भरपाई की जा सकती है.
यूनियनों की ये मांगें भी शामिल
बैंक कर्मचारी संगठनों की प्रमुख मांगों में सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करना, पीएलआइ योजना वापस लेना और कर्मचारियों से जुड़े लंबित मुद्दों का समाधान करना शामिल है. यूनियनें द्विपक्षीय वार्ता के जरिए आवश्यक संशोधन की भी मांग कर रही हैं.
झारखंड यूनियन नेताओं ने कहा है कि मांगें नहीं मानी गयीं तो अक्तूबर में अनिश्चितकालीन हड़ताल का प्रस्ताव रखा जाएगा.
SBI ने कर्मचारियों से आंदोलन वापस लेने की अपील की
भारतीय स्टेट बैंक ने भी कर्मचारियों से हड़ताल वापस लेने की अपील की है. एसबीआई ने कहा कि सितंबर के अंतिम तीन दिन बैंकों के छमाही समापन से जुड़े हैं. बैंक ने ग्राहकों के साथ बेहतर संबंध और उन्हें सुविधा देने का हवाला देते हुए हड़ताल से होने वाली संभावित दिक्कतों पर चिंता जतायी है.
हड़ताल से पहले क्या-क्या होगा
- 27 सितंबर: बैंक शाखाएं, कार्यालय, एटीएम-लिंक शाखाएं और करेंसी चेस्ट रविवार को चालू रखने की अनुमति.
- 28 से 30 सितंबर: देशव्यापी तीन दिन की बैंक हड़ताल प्रस्तावित.
- मुख्य मांग: सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करना.
- आठ मार्च 2024: संयुक्त नोट में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था की मांग पर सहमति का यूनियनों का दावा.
- 22 सितंबर: मुख्य श्रम आयुक्त की अध्यक्षता में सुलह बैठक, लेकिन सहमति नहीं बनी.
- अक्तूबर: मांगें नहीं मानी गयीं तो अनिश्चितकालीन हड़ताल का प्रस्ताव.
इसे भी पढ़ें-



