इस खबर में क्या है?
Saran Crime News : सारण के एकमा थाना क्षेत्र के परसा परसागढ़ गांव में आपसी रंजिश को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. चाकूबाजी की घटना में चार लोग घायल हो गये, जिनमें से तीन की इलाज के दौरान मौत हो गयी. एक अन्य युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और विवाद की वास्तविक वजह के साथ-साथ चाकूबाजी में शामिल लोगों की जानकारी जुटा रही है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
Saran Crime News : पहले गांव में हुआ विवाद, चार लोग घायल
परसा परसागढ़ गांव में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसके बाद चाकूबाजी की घटना में छपरा के काशी बाजार निवासी अंकुर पटेल उर्फ धोनी, एकमा के जिरतपुर पचुआ निवासी मुकेश कुमार, रमेश यादव और विवेक कुमार घायल हो गये.
घायलों को अस्पताल लाया गया, फिर सामने आयी दूसरी चाकूबाजी
घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए एकमा स्थित डॉ. एस कुमार के निजी अस्पताल में लाया गया. इसी दौरान अस्पताल परिसर में दोबारा चाकूबाजी होने की बात सामने आयी. इसके बाद अस्पताल में मौजूद लोगों के बीच अफरातफरी की स्थिति बन गयी और मामला और गंभीर हो गया.
इलाज के दौरान तीन घायलों की मौत
अंकुर पटेल उर्फ धोनी ने एकमा के निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल मुकेश कुमार और रमेश यादव को बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों की भी इलाज के दौरान मौत हो गयी.
मृतकों में अंकुर पटेल उर्फ धोनी, मुकेश कुमार, पिता ध्रुप यादव और रमेश यादव, पिता विजय यादव शामिल हैं.
विवेक की हालत गंभीर, पटना रेफर
चाकूबाजी में घायल विवेक कुमार, पिता बिनोद कुमार की हालत गंभीर बतायी जा रही है. प्रारंभिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर उपचार के लिए पटना रेफर कर दिया. घटना में घायल अन्य लोगों के संबंध में भी पुलिस और अस्पताल स्तर से जानकारी जुटायी जा रही है.
मामा के घर आया था अंकुर, विवाद के बाद बिगड़ी स्थिति
बताया जा रहा है कि छपरा के काशी बाजार निवासी अंकुर पटेल उर्फ धोनी अपने मामा के घर परसा परसागढ़ आया हुआ था. इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और मामला चाकूबाजी तक पहुंच गया. हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है.
आपसी रंजिश के बिंदु पर जांच कर रही पुलिस
सूचना मिलने के बाद एकमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. सदर एसडीपीओ-2 के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है. हालांकि, घटना की पूरी जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.
गांव से अस्पताल तक हुई घटना की कड़ियां जोड़ रही पुलिस
तीन लोगों की मौत के बाद पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है. जांच में गांव में हुए विवाद, उसके बाद हुई चाकूबाजी और अस्पताल परिसर में दोबारा चाकूबाजी की बात को शामिल किया गया है. पुलिस चाकूबाजी में शामिल लोगों और घटना की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है. घटना के बाद परसा परसागढ़ और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है.
इसे भी पढ़ें-



