Siwan News: सीवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र स्थित शिवराजपुर गांव में हुए शहजाद अली हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस ने फरार नामजद आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ा दिया है. न्यायालय से प्राप्त आदेश के बाद मंगलवार की शाम पुलिस टीम गांव पहुंची और फरार चल रहे अभियुक्तों के घरों पर इश्तेहार चस्पा किया. इस दौरान डुगडुगी बजाकर पूरे गांव में मुनादी भी करायी गयी. पुलिस की इस कार्रवाई को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी और मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
थानाध्यक्ष के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
बड़हरिया थानाध्यक्ष छोटन कुमार के नेतृत्व में पुलिसकर्मी शिवराजपुर पहुंचे. न्यायालय के निर्देश के अनुरूप सार्वजनिक घोषणा कर फरार आरोपियों को जल्द से जल्द अदालत या पुलिस के समक्ष उपस्थित होने की चेतावनी दी गयी. अधिकारियों ने ग्रामीणों के सामने स्पष्ट किया कि यदि अभियुक्त निर्धारित अवधि में आत्मसमर्पण नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ अगली कानूनी प्रक्रिया शुरू की जायेगी.
इन आरोपियों के घरों पर लगाया गया इश्तेहार
शहजाद अली हत्याकांड से जुड़े बड़हरिया थाना कांड संख्या-230/26 में नामजद कई अभियुक्त अब भी गिरफ्त से बाहर हैं. पुलिस ने शिवराजपुर निवासी दीना चौधरी के पुत्र रंजन चौधरी उर्फ राजन चौधरी, ड्राइवर चौधरी के पुत्र अवधकिशोर चौधरी, ढोड़ा चौधरी के पुत्र अमित कुमार चौधरी तथा शंकर मांझी के पुत्र गुड्डू मांझी के घरों पर इश्तेहार चस्पा किया. पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी हैं.
आत्मसमर्पण नहीं करने पर होगी कुर्की-जब्ती
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इश्तेहार चस्पा करना विधिक प्रक्रिया का हिस्सा है. यह कदम तब उठाया जाता है जब नामजद आरोपी लगातार फरार रहते हैं और गिरफ्तारी से बचते हैं. थानाध्यक्ष छोटन कुमार ने बताया कि यदि आरोपियों ने तय समय के भीतर आत्मसमर्पण नहीं किया तो न्यायालय के निर्देशानुसार कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जायेगी.
इस दौरान एसआई हारून रशीद खान, एसआई गुड्डू कुमार, एसआई आभा कुमारी, चौकीदार अताउर रहमान सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे. पुलिस टीम ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरी कार्रवाई संपन्न करायी. अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे भी कानून के तहत कार्रवाई जारी रहेगी और फरार अभियुक्तों को गिरफ्तार करने के प्रयास तेज किये गये हैं.
इसे भी पढ़ें-

