Bhagalpur News : भागलपुर के बंवरगंज थाना क्षेत्र के महेशपुर में एक महिला ने अपने ही देवर पर अश्लील हरकत, गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया है. पीड़िता के मुताबिक, विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसका हाथ टूट गया. घायल महिला को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
विरोध करने पर धक्का देकर गिराने और कपड़े खींचने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था. इसी दौरान उसके देवर ने अश्लील गाने गाने शुरू कर दिए. महिला ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उसे चौकी पर धक्का देकर गिरा दिया और उसके कपड़े खींचने लगा. महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने गुस्से में उसके साथ मारपीट की, जिससे उसका हाथ टूट गया.
इसे भी पढ़ें-अगुवानी-सुल्तानगंज पुल निर्माण में तेजी लाने का निर्देश, पुल निगम के चेयरमैन ने किया स्थल निरीक्षण
पति का आरोप, पहले भी थाने में की गई थी शिकायत
महिला के पति ने बताया कि उनके परिवार के पास महज आधा कट्ठा जमीन है और चारों भाई किसी तरह गुजर-बसर करते हैं. पति का आरोप है कि उनका भाई डब्ल्यू नशे का आदी है और नशे की हालत में अक्सर इस तरह का व्यवहार करता है.
उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर पहले भी एक-दो बार थाने में शिकायत दी गई थी, लेकिन पुलिस ने समझा-बुझाकर वापस भेज दिया. पति का दावा है कि अगर पहले ही उचित कार्रवाई की गई होती, तो शायद ऐसी घटना दोबारा नहीं होती.
अस्पताल में भर्ती महिला के लिए न्याय की गुहार
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. महिला के पति का कहना है कि उनकी पत्नी मायागंज अस्पताल में दर्द से जूझ रही है. परिवार ने मामले में उचित कार्रवाई कर महिला को न्याय दिलाने की गुहार लगाई है.




